मोहिउद्दीन मंसुरी कोटालपोखर
बरहरवा : कोटालपोखर थाना क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान पुलिस टीम पर चाकू से हमला किए जाने की गंभीर घटना सामने आई है। इस हमले में कोटालपोखर थाना में पदस्थापित एएसआई हेमंत यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पाकुड़ सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि पलासबोना गांव में एक युवक नशे की हालत में हाथ में चाकू लेकर घूम रहा है और स्थानीय लोगों के बीच दहशत फैला रहा है। सूचना मिलते ही एएसआई हेमंत यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और युवक को समझाने तथा हिरासत में लेने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपी युवक ने अचानक पुलिस टीम पर हमला कर दिया और चाकू से वार कर एएसआई हेमंत यादव को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को घेरकर मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। घायल एएसआई को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बरहरवा के एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।


