पोर्टल पर आवेदन का विकल्प नहीं मिलने से बढ़ी परेशानी, जिला कल्याण पदाधिकारी से जल्द समाधान की मांग
मोहिउद्दीन मंसुरी कोटालपोखर
बरहरवा : बीएसके महाविद्यालय, बरहरवा में चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम के सेमेस्टर-VII (सत्र 2022-2026) में नामांकित विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति आवेदन करने में हो रही परेशानी को लेकर NSUI ने आवाज उठाई है। बुधवार को NSUI कॉलेज अध्यक्ष सोयेब अख्तर के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने प्रभारी प्राचार्य के माध्यम से जिला कल्याण पदाधिकारी (DWO), साहिबगंज के नाम ज्ञापन सौंपकर ई-कल्याण पोर्टल पर छात्रवृत्ति आवेदन का विकल्प जल्द खोलने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया है कि ई-कल्याण पोर्टल के माध्यम से शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के तहत अनुसूचित जनजाति (ST), अनुसूचित जाति (SC) एवं पिछड़ा वर्ग (OBC) के विद्यार्थियों के ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसके बावजूद बीएसके महाविद्यालय के चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम के सत्र 2022-2026 के सेमेस्टर-VII में नामांकित विद्यार्थियों के लिए पोर्टल पर आवेदन का संबंधित विकल्प उपलब्ध नहीं है। इससे पात्र छात्र-छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विश्वविद्यालय स्तर पर विलंब का असर विद्यार्थियों पर
विद्यार्थियों का कहना है कि विश्वविद्यालय स्तर पर शैक्षणिक सत्र के संचालन में देरी के कारण सेमेस्टर-VII में नामांकन की प्रक्रिया निर्धारित समय से विलंब से पूरी हो रही है। इसका असर छात्रवृत्ति आवेदन पर भी पड़ रहा है। पोर्टल पर विकल्प उपलब्ध नहीं होने के कारण बड़ी संख्या में पात्र विद्यार्थियों के छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित रह जाने की आशंका है। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि साहिबगंज जिला ग्रामीण एवं सुदूरवर्ती क्षेत्र होने के कारण यहां बड़ी संख्या में विद्यार्थी आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं। ऐसे विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा जारी रखने में छात्रवृत्ति की अहम भूमिका होती है। यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ सकता है। इससे उनकी पढ़ाई भी प्रभावित होने की आशंका है।
पात्र विद्यार्थियों के लिए विकल्प सक्रिय करने की मांग
NSUI कॉलेज अध्यक्ष सोयेब अख्तर एवं अन्य विद्यार्थियों ने जिला कल्याण पदाधिकारी से मांग की कि सत्र 2022-2026 के चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम के सेमेस्टर-VII में नामांकित पात्र विद्यार्थियों के लिए ई-कल्याण पोर्टल पर छात्रवृत्ति आवेदन का विकल्प जल्द खोला या सक्रिय किया जाए। इससे विद्यार्थी समय पर अपना आवेदन जमा कर सकेंगे और नियमानुसार छात्रवृत्ति का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। छात्र प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन और संबंधित विभाग विद्यार्थियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द सकारात्मक पहल करेंगे, ताकि कोई भी पात्र विद्यार्थी तकनीकी या प्रशासनिक कारणों से छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित न रहे। इस मौके पर जीएम रहमान, मो. इब्राहिम आलम, रईसुल शेख, जयमुल हक, राहुल कुमार, मो. नदीम, हसीबुर रहमान सहित अन्य विद्यार्थी उपस्थित थे।


