एनएसएस स्थापना दिवस पर युवाओं की सामाजिक भागीदारी और राष्ट्र निर्माण में योगदान पर दिया जोर

Lok Bimb
3 Min Read

फातेह आलम तालझारी

साहिबगंज : साहिबगंज महाविद्यालय में गुरुवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) का 58वां स्थापना दिवस समारोह उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि साहिबगंज नगर परिषद के प्रशासक अभिषेक कुमार सिंह थे। समारोह के दौरान सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व, सामुदायिक सहभागिता और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह एवं प्राध्यापकों द्वारा मुख्य अतिथि अभिषेक कुमार सिंह का अंगवस्त्र एवं पौधा भेंट कर स्वागत करने के साथ हुआ। इसके बाद एनएसएस स्वयंसेवकों ने एनएसएस क्लैप के माध्यम से मुख्य अतिथि, प्राचार्य एवं प्राध्यापकों का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने एनएसएस के मूल मंत्र “मैं नहीं, बल्कि आप” (Not Me But You) की व्याख्या करते हुए कहा कि यह मंत्र स्वयं से पहले समाज और दूसरों के हित को प्राथमिकता देने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि एनएसएस विद्यार्थियों में निस्वार्थ सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और लोकतांत्रिक मूल्यों की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। विद्यार्थियों को सामाजिक सरोकारों से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय सेवा योजना की शुरुआत 24 सितंबर 1969 को महात्मा गांधी की जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर की गई थी। इसका उद्देश्य युवाओं में सेवा भावना, सामाजिक उत्तरदायित्व और सामुदायिक सहभागिता की भावना विकसित करना है। समारोह में मैथिली विभागाध्यक्ष डॉ. ध्रुव ज्योति कुमार सिंह, रसायनशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार, मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. चंद्रशेखर प्रसाद, हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. सोनू कुमार साहू तथा एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. प्रिया सिंह एवं डॉ. अनु सुमन बाडा ने एनएसएस की उपयोगिता और विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में इसकी भूमिका पर विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि एनएसएस के माध्यम से युवा समाज की समस्याओं को समझने और उनके समाधान में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का अवसर प्राप्त करते हैं। समारोह के दौरान महाविद्यालय में संचालित प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। आदिवासी कल्याण छात्रावास के पीजी सेमेस्टर-4 गणित के छात्र विजय किस्कू तथा राजनीति विज्ञान विभाग के यूजी सेमेस्टर-1 के छात्र बेटवा किस्कू को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में रणधीर कुमार एवं सोनू कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा। मंच संचालन हिंदी विभाग की सहायक प्राध्यापक एवं एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. अनु सुमन बाडा ने किया। समारोह में महाविद्यालय के शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मी एवं एनएसएस की विभिन्न इकाइयों के स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment