देशी कट्टा व खोखा बरामद, मिर्जाचौकी पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
फातेह आलम तालझारी
साहिबगंज : मिर्जाचौकी थाना क्षेत्र के तेलीयाडीह करमटोला में करम पूजा के दौरान महिलाओं के साथ गाली-गलौज व छेड़खानी करने तथा विरोध करने पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा और एक खोखा भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 22 सितंबर 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे की है। गांव में महिलाएं करम पूजा कर रही थीं। इसी दौरान दो व्यक्ति वहां पहुंचे और महिलाओं के साथ कथित रूप से गाली-गलौज व छेड़खानी करने लगे। महिलाओं द्वारा इसका विरोध किए जाने पर आरोपी करण दिखीयासन ने अपने जूते में छिपाकर रखे देशी कट्टे से फायरिंग कर दी। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले को लेकर मिर्जाचौकी थाना में कांड संख्या 80/26, दिनांक 23 सितंबर 2026 को दर्ज किया गया। पुलिस ने BNS की धारा 126(2), 115(2), 74, 352, 109(1), 3(5) तथा 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया। पुलिस अधीक्षक साहिबगंज के निर्देश पर तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित छापामारी दल ने कार्रवाई करते हुए 23 सितंबर की रात दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में करण दिखीयासन, पिता स्व. मन्नु दिखीयासन, निवासी ज्योतिमोड़, थाना जिरवाबाड़ी, जिला साहिबगंज तथा रामकुमार राय उर्फ रामा, पिता शिवनाथ राय, निवासी चुनाचक, थाना महगामा, जिला गोड्डा शामिल हैं।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा और एक खोखा बरामद किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। छापामारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी साहिबगंज सुशील कुमार सिंह, मिर्जाचौकी थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक रुपेश कुमार यादव समेत अन्य पुलिस अधिकारी एवं पुलिसकर्मी शामिल थे।


