फातेह आलम तालझारी
साहिबगंज : टीबी (क्षय रोग) उन्मूलन अभियान को मजबूत बनाने और मरीजों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को सदर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), साहिबगंज में पांच टीबी मरीजों के बीच पोषण सहायता के तहत फूड पैकेट का वितरण किया गया।
सदर सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. महमूद आलम ने अपने हाथों से मरीजों को फूड पैकेट प्रदान किए। इस दौरान उन्होंने मरीजों को नियमित रूप से टीबी की दवा लेने, उपचार बीच में नहीं छोड़ने तथा पौष्टिक एवं संतुलित आहार का सेवन करने की सलाह दी। डॉ. महमूद आलम ने कहा कि टीबी एक पूरी तरह से इलाज योग्य बीमारी है, बशर्ते मरीज समय पर दवा लें और चिकित्सकों के निर्देशों का पालन करें। उन्होंने बताया कि दवा के साथ पौष्टिक भोजन मरीजों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और शीघ्र स्वस्थ होने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसी उद्देश्य से सरकार द्वारा टीबी मरीजों के लिए विभिन्न पोषण सहायता योजनाएं संचालित की जा रही हैं। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों ने भी मरीजों को जागरूक करते हुए नियमित उपचार जारी रखने, समय पर दवा लेने और स्वास्थ्य संबंधी सभी निर्देशों का पालन करने की अपील की। फूड पैकेट प्राप्त करने वाले मरीजों ने इस पहल के लिए स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।


