रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा तथा राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव का आज भव्य शुभारंभ हुआ। महोत्सव का उद्घाटन झारखंड सरकार के मंत्री दीपक बिरुवा, दीपिका पांडेय सिंह एवं संजय प्रसाद ने संयुक्त रूप से किया।
उद्घाटन समारोह के बाद सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें झारखंड की समृद्ध जनजातीय एवं शास्त्रीय कला परंपराओं की आकर्षक झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम में रांची के कुश कुमार करुवा ने बांसुरी वादन की प्रस्तुति दी। इसके बाद झारखंड के प्रमुख जनजातीय नृत्यों मुंडारी, नागपुरी, उरांव एवं संथाली नृत्य का समन्वित प्रदर्शन किया गया।
महोत्सव में गुरु तपन कुमार पटनायक के निर्देशन में सरायकेला छऊ नृत्य की प्रस्तुति हुई। वहीं, श्रीमती वर्षा लकड़ा एवं उनके दल ने आधुनिक नागपुरी नृत्य प्रस्तुत किया। महिला बैंड ‘द सजनी ग्रुप’ ने आधुनिक नागपुरी गीतों एवं संगीत की शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों का मनोरंजन किया।

कार्यक्रम स्थल पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, खेलकूद एवं युवा संस्कृति विभाग, गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग तथा सूचना प्रौद्योगिकी विभाग सहित विभिन्न सरकारी विभागों के आकर्षक स्टॉल लगाए गए। कुल लगभग 160 स्टॉल स्थापित किए गए, जिनमें विभिन्न विभागों की उपलब्धियों, सरकारी योजनाओं एवं उत्पादों का प्रदर्शन किया गया।
इस अवसर पर गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग की प्रधान सचिव वंदना दादेल, ग्रामीण विकास विभाग के सचिव मनोज कुमार, संस्कृति निदेशक आसिफ एकराम, खादी बोर्ड के निदेशक आलोक कुमार, उद्योग निदेशक विशाल सागर, सूचना प्रौद्योगिकी निदेशक माधवी मिश्रा, पर्यटन सचिव मुकेश कुमार, पर्यटन निदेशक नमन प्रियेश, झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनन्य मित्तल तथा झारक्राफ्ट की प्रबंध निदेशक गरिमा सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
तीन दिवसीय यह सांस्कृतिक महोत्सव झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, जनजातीय कलाओं को प्रोत्साहन देने तथा सरकार की विकास यात्रा को आम जनता तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।
महोत्सव के आगामी दिनों में भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, प्रदर्शनियों एवं विभिन्न गतिविधियों का आयोजन जारी रहेगा।


