विधायक राजेश कच्छप की अनुशंसा से बुंडू में धुमकुड़िया भवन निर्माण को मिली गति, ढलाई शुरू

Lok Bimb
2 Min Read

विधिवत पूजा-अर्चना कर की शुभारंभ की रस्म, आदिवासी संस्कृति के संरक्षण को मिलेगा बढ़ावा

मुजफ्फर हुसैन

राँची। राँची जिले के ओरमांझी प्रखंड अंतर्गत बुंडू गांव में धुमकुड़िया भवन निर्माण कार्य के तहत ढलाई का कार्य विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शुरू किया गया। विधायक दल के उपनेता सह खिजरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजेश कच्छप की अनुशंसा तथा ग्रामीणों के सामूहिक प्रयास और अथक मेहनत से भवन निर्माण कार्य को गति मिली है। ढलाई कार्य के शुभारंभ के अवसर पर ग्रामीणों ने पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान गंवांदेवती, सरना मां एवं देवी-देवताओं का आशीर्वाद लिया गया। साथ ही भवन निर्माण कार्य के सफलतापूर्वक पूरा होने की कामना की गई। निर्माण कार्य शुरू होने से ग्रामीणों में खुशी और उत्साह का माहौल है। धुमकुड़िया भवन आदिवासी समाज की सामाजिक, सांस्कृतिक व पारंपरिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र माना जाता है। यह भवन आदिवासी समाज की परंपराओं, रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित एवं संवर्धित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके निर्माण से ग्रामीणों को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए एक बेहतर स्थान उपलब्ध होगा। साथ ही नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं से जोड़ने में भी मदद मिलेगी। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य कमिसनर मुंडा, रमेश चंद्र उरांव, चंदरा पंचायत की मुखिया सीमा तिर्की सहित अन्य ग्रामीण एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment