‘जॉब सीकर’ से ‘जॉब प्रोवाइडर’ बनेंगे कृषि विद्यार्थी

Lok Bimb
3 Min Read

9 कृषि महाविद्यालयों में लागू होगा ASSIST मॉडल, चार वर्षों में 4.80 करोड़ रुपये होंगे खर्च

कृषि मंत्री विजय सिन्हा की पहल, स्टार्टअप और स्वरोजगार के लिए मिलेगा व्यावहारिक प्रशिक्षण

गोपाल विद्यार्थी 

पटना :
बिहार में कृषि शिक्षा को रोजगारपरक बनाने और विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर उद्यमी के रूप में विकसित करने के लिए कृषि विभाग ने महत्वपूर्ण पहल की है। इसके तहत बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के अधीन सभी नौ अंगीभूत कृषि महाविद्यालयों में ASSIST मॉडल लागू किया जाएगा। योजना के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2029-30 तक 4.80 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। वहीं, चालू वित्तीय वर्ष में इसके क्रियान्वयन के लिए 90 लाख रुपये के सहायक अनुदान को भी मंजूरी मिली है। कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य कृषि विद्यार्थियों को नौकरी तलाशने वालों के बजाय रोजगार सृजित करने वाले उद्यमियों के रूप में तैयार करना है। इसके लिए उन्हें कृषि आधारित उद्योगों, स्टार्टअप और सफल उद्यमियों से जोड़ा जाएगा, ताकि वे व्यावहारिक अनुभव प्राप्त कर सकें और अपना व्यवसाय शुरू करने की दिशा में आगे बढ़ें।

हर सेमेस्टर में होगा विशेष प्रशिक्षण

योजना के तहत स्नातक कृषि पाठ्यक्रम के प्रथम से चौथे सेमेस्टर तक प्रत्येक सेमेस्टर की मिड-टर्म परीक्षा के बाद वाले सप्ताह को ‘ASSIST Week’ के रूप में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान विद्यार्थियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण, औद्योगिक भ्रमण, सफल स्टार्टअप संचालकों से संवाद और ग्राम स्तरीय गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलेगा।

कृषि आधारित व्यवसायों पर विशेष जोर

विद्यार्थियों को बायोफर्टिलाइजर, बायोपेस्टीसाइड, मशरूम उत्पादन, सजावटी मत्स्य पालन, टिशू कल्चर, वर्मीकम्पोस्ट, शहद उत्पादन और खाद्य प्रसंस्करण जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। कृषि मंत्री ने कहा कि इस पहल से विद्यार्थियों को बाजार की मांग, व्यवसाय संचालन और कृषि क्षेत्र में उपलब्ध स्वरोजगार के अवसरों की बेहतर समझ मिलेगी। यह योजना भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद की छठी डीन समिति की अनुशंसाओं तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप कृषि शिक्षा में कौशल विकास को बढ़ावा देगी। इससे युवाओं को अपना उद्यम स्थापित करने और दूसरों के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने में मदद मिलेगी।

Share This Article
Leave a Comment