छठ घाटों पर व्यवस्था में चूक बर्दाश्त नहीं, डीएम ने अधिकारियों को किया अलर्ट

Lok Bimb
2 Min Read

डीएम-एसएसपी ने कंगन, एनआईटी, कृष्णा व लॉ कॉलेज घाट का किया निरीक्षण, समय सीमा में सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश

गोपाल विद्यार्थी 

पटना : छठ महापर्व को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए सोमवार को डीएम कुंदन कुमार ने एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा के साथ कंगन घाट, एनआईटी घाट, कृष्णा घाट, लॉ कॉलेज घाट सहित विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया।इस दौरान अधिकारियों ने घाटों पर चल रहे कार्यों, सुरक्षा व्यवस्था, पहुंच पथ, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी करें। कार्यों में तेजी लाने के साथ ही प्रत्येक छोटी-बड़ी व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। डीएम ने स्पष्ट कहा कि छठ घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से काम करें और तैयारियों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व में बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article
Leave a Comment