विज्ञान और गणित की पढ़ाई होगी सरल व रोचक, एससीईआरटी में दो कार्यशालाएं संपन्न

Lok Bimb
2 Min Read

संदर्शिका और लैब मैनुअल की विषय-वस्तु की हुई समीक्षा, प्रायोगिक शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा

गोपाल विद्यार्थी 

पटना : महेन्द्रू स्थित राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) में विज्ञान एवं गणित विभाग की ओर से आयोजित तीन दिवसीय दो कार्यशालाओं का बुधवार को समापन हो गया। कार्यशालाओं में शिक्षण को सरल, रोचक और व्यावहारिक बनाने के साथ अध्ययन सामग्री की गुणवत्ता सुधारने पर विशेष जोर दिया गया। पहली कार्यशाला में गणित एवं विज्ञान विषय की संदर्शिका तैयार करने को लेकर चर्चा हुई। इसका उद्देश्य शिक्षकों को गतिविधि आधारित शिक्षण के लिए उपयोगी सामग्री उपलब्ध कराना और विद्यार्थियों के लिए विषयों को सहज बनाना है। वहीं, दूसरी कार्यशाला में कक्षा नौवीं से 12वीं तक के लिए तैयार लैब मैनुअल की समीक्षा एवं संशोधन किया गया। इससे विद्यार्थियों को प्रयोगों के माध्यम से विज्ञान सीखने का अवसर मिलेगा और विद्यालयों में प्रायोगिक शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा।दोनों कार्यशालाओं में विषय विशेषज्ञों, विद्यालयों के शिक्षकों, शिक्षक प्रशिक्षण संस्थानों के व्याख्याताओं, विश्वविद्यालयों के विशेषज्ञों एवं विभागीय पदाधिकारियों ने भाग लिया। तीन दिनों तक अध्ययन सामग्री की विषय-वस्तु, गुणवत्ता और उपयोगिता पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। संशोधन के बाद तैयार सामग्री का उपयोग शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के शिक्षण-अधिगम कार्य में किया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment