बिहार में 15,680 चालकों के लाइसेंस निलंबित या रद्द, सड़क सुरक्षा उपायों की समीक्षा
गोपाल विद्यार्थी
पटना : बिहार में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सरकार ने यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्ती बढ़ाने का निर्देश दिया है। विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह ने सड़क सुरक्षा परिषद की बैठक में ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन संबंधी अनुशंसाओं पर 15 दिनों के भीतर कार्रवाई करने को कहा। राज्य में अब तक 15,680 वाहन चालकों के लाइसेंस निलंबित या रद्द किए जा चुके हैं। बैठक में सड़क सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की समीक्षा की गई। राज्य में 5,124 जेब्रा क्रॉसिंग का निर्माण या पुनः चिह्नांकन पूरा हो चुका है, जबकि 29 जिलों के 307 स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे और ट्रैफिक लाइट लगाने की योजना है। राष्ट्रीय राजमार्गों पर निगरानी के लिए 58 हाईवे पेट्रोल वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं, अब तक 7,985 वाहन चालकों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए 8,547 स्कूल बसों में निर्धारित बैठान क्षमता प्रदर्शित की गई है। विकास आयुक्त ने संबंधित विभागों को लंबित कार्य समय पर पूरा करने, यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने और विभागों के बीच समन्वय बढ़ाने का निर्देश दिया।
ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर सख्ती, 15 दिनों में लाइसेंस निलंबन पर कार्रवाई के निर्देश

Leave a Comment Leave a Comment

