₹2,774 की खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट, कई प्रतिष्ठानों को नोटिस
गोपाल विद्यार्थी
पटना : खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन को लेकर खाद्य संरक्षा विभाग ने गुरुवार को पटना के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई जगहों पर साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के भंडारण और आवश्यक दस्तावेजों में अनियमितताएं मिलीं। अनीसाबाद स्थित होटल पाटलिपुत्र कॉन्टिनेंटल में शाकाहारी एवं मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक ही फ्रिज में रखे मिले। फुलवारीशरीफ स्थित होटल द रॉयल बिहार में आलू दम, येलो ग्रेवी, दाल मखनी और मैंगो जूस सहित ₹2,774 मूल्य की खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट की गई। यहां से किशमिश, बादाम और पनीर के नमूने भी जांच के लिए भेजे गए। एम्स गोलंबर स्थित कैफे 7 गार्डन से चना दाल और हल्दी पाउडर के नमूने लिए गए। वहीं, कोरजी स्थित द आर्च रेस्टोरेंट तथा एसके पुरी स्थित मेसर्स घरौंदा में साफ-सफाई, जल निकासी और खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण में कमियां पाई गईं। मेसर्स घरौंदा में खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट की गई और 14 दिनों में सुधार का नोटिस दिया गया। इसके अलावा, होटल जी डायमंड को स्वच्छता बनाए रखने के लिए नोटिस जारी किया गया, जबकि गणपति फूड प्लाजा को साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।खाद्य संरक्षा विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण और निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने का निर्देश दिया है।
पटना में खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी, कई जगह मिलीं अनियमितताएं

Leave a Comment Leave a Comment

