महाबलीपुर में नए पुलिस ओपी का शुभारंभ, कानून व्यवस्था व यातायात नियंत्रण होगा और मजबूत

Lok Bimb
2 Min Read

गोपाल विद्यार्थी

पालीगंज : प्रखंड के महाबलीपुर में शुक्रवार को नए पुलिस आउट पोस्ट (ओपी) का शुभारंभ किया गया. पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर स्थापित इस ओपी का उद्घाटन पालीगंज डीएसपी 2 पंकज शर्मा ने फीता काटकर किया. महाबलीपुर ओपी का गठन पालीगंज थाना क्षेत्र के पश्चिमी हिस्से के महाबलीपुर व भेडहरिया सियारामपुर पंचायत को मिलाकर किया गया है. यह क्षेत्र पटना–औरंगाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-139) पर स्थित होने के कारण वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है.ऐसे में सड़क दुर्घटनाओं, यातायात प्रबंधन तथा कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यहां ओपी की स्थापना की गई है. महाबलीपुर ओपी के प्रभारी के रूप में पुलिस अवर निरीक्षक दीपक कुमार को जिम्मेदारी सौंपी गई है. जो पूर्व में पालीगंज थाने में पदस्थापित थे. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ओपी के संचालन से क्षेत्र में पुलिस की त्वरित पहुंच सुनिश्चित होगी और अपराध नियंत्रण के साथ-साथ आम लोगों को बेहतर पुलिसिंग का लाभ मिलेगा. उद्घाटन के बाद डीएसपी श्री शर्मा ने कहा कि महाबलीपुर ओपी के शुरू होने से क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण करने तथा सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने में काफी मदद मिलेगी.उन्होंने पुलिस अधिकारियों को जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया.
कार्यक्रम में कई पुलिस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे.

Share This Article
Leave a Comment