बाबा हरिहरनाथ मंदिर में कृषि मंत्री विजय सिन्हा ने की पूजा-अर्चना, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की

Lok Bimb
2 Min Read

सोनपुर। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और वर्तमान कृषि मंत्री विजय सिन्हा ने आज विश्व प्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर, सोनपुर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने बाबा हरिहरनाथ का जलाभिषेक कर बिहार की सुख-समृद्धि और किसानों की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। मंदिर परिसर पहुंचने पर भाजपा नेता राकेश सिंह और मंदिर सचिव विजय लाला ने कृषि मंत्री विजय सिन्हा का अंगवस्त्र और मंदिर का प्रतीक चिन्ह देकर भव्य स्वागत किया। इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं में काफी उत्साह देखा गया। पूजा-अर्चना के बाद कृषि मंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि बाबा हरिहरनाथ धाम हमारी सनातन संस्कृति और आस्था का केंद्र है। यहां आकर मन को असीम शांति मिलती है। उन्होंने कहा कि बाबा से बिहार के अन्नदाता किसानों की समृद्धि और प्रदेश के विकास के लिए प्रार्थना की है। एनडीए सरकार किसानों के हित में लगातार काम कर रही है और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई योजनाएं चला रही है। भाजपा नेता राकेश सिंह ने कहा कि कृषि मंत्री का हरिहर क्षेत्र की धरती पर स्वागत करना हमारे लिए सौभाग्य की बात है। उनका मार्गदर्शन हम सभी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा है। उनके नेतृत्व में कृषि क्षेत्र में बिहार लगातार आगे बढ़ रहा है। इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य सच्चिदानंद राय, मंदिर के पुजारी भूटकून बाबा, मंडल अध्यक्ष मोनू सिंह, मिथलेश सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता, कार्यकर्ता और स्थानीय श्रद्धालु मौजूद रहे। पूजा के बाद कृषि मंत्री ने मंदिर के विकास कार्यों और सोनपुर मेले की तैयारियों को लेकर भी चर्चा की।

Share This Article
Leave a Comment