वरिष्ठ प्रचारक नवल किशोर ने कहा- अध्यात्म से ही जीवन में सुख, शांति और समृद्धि संभव
गोपाल विद्यार्थी
बिक्रम : प्रखंड क्षेत्र के खोरठा स्थित शिव मंदिर में ब्रह्म विद्या विहंगम योग की ओर से संत समागम एवं सत्संग का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देहरी ऑन सोन से आए वरिष्ठ प्रचारक नवल किशोर ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए प्रत्येक घर में अध्यात्म को अपनाने और स्वर्वेद पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में हर घर में अध्यात्म की आवश्यकता है। स्वर्वेद केवल एक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला है। इसकी शिक्षाओं को अपनाने से जीवन में शांति, सुख और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने श्रद्धालुओं को ‘हर घर स्वर्वेद पहुंचाने’ का संकल्प भी दिलाया।
भजन और गुरु वाणी से भक्तिमय हुआ माहौल
कार्यक्रम का शुभारंभ सद्गुरु वंदना से हुआ। इसके बाद शांति पाठ और महाआरती आयोजित की गई। गुरु वाणी और भजनों से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। सत्संग में सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लिया और सद्गुरु के विचारों को सुना।आयोजन में गुड्डू गुप्ता, सुनील, दिलीप सिंह, कामता सिंह, उपदेष्टा गोपाल यादव, स्वर्वेद प्रभारी चरित्र साहू, पत्रिका प्रभारी गौरी देवी, संगीता देवी, सुनीता देवी और विभा देवी सहित अनेक श्रद्धालुओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। अंत में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।


