गोपाल विद्यार्थी
पटना : कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के प्रथम वर्ष की समीक्षा में गया जिले के देश भर में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने गया जी के डीएम, जिला कृषि पदाधिकारी तथा गया जी जिला के कृषि विभाग की पूरी टीम को बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं। मंत्री ने कहा कि यह बिहार के कृषि विभाग के लिए अत्यंत गौरवशाली दिन है। देश के 100 चयनित जिलों में गया का शीर्ष स्थान प्राप्त करना पूरे बिहार के लिए गर्व की बात है। यह उपलब्धि अधिकारियों और कर्मचारियों की निष्ठा, परिश्रम और टीम भावना का परिणाम है, साथ ही गया के मेहनती किसानों के विश्वास और सहभागिता का प्रमाण भी है। योजना के अंतर्गत कृषि, सहकारिता, बैंकिंग, राजस्व, उद्योग और ग्रामीण विकास सहित 11 विभागों की 36 योजनाओं को संतृप्ति-आधारित दृष्टिकोण से जोड़ा गया है। इसके 121 संकेतकों की मासिक निगरानी में गया ने देश के सभी जिलों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। जिले ने फसल विविधीकरण, उत्पादकता वृद्धि, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, पंचायत स्तर पर भंडारण व्यवस्था तथा किसानों को समय पर कृषि ऋण उपलब्ध कराने में उल्लेखनीय प्रगति की है। इस उपलब्धि के लिए नई दिल्ली के राष्ट्रीय कृषि विज्ञान परिसर में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गया के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर को सम्मानित किया।


