कम से कम 10 बेड की व्यवस्था विकसित करने पर जोर, विशेषज्ञों ने कहा- स्ट्रोक के इलाज में हर मिनट कीमती
गोपाल विद्यार्थी
पटना : एम्स पटना में स्ट्रोक के मरीजों को त्वरित और बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए समर्पित स्ट्रोक सेंटर स्थापित करने की पहल की जा रही है। इसके तहत कम से कम 10 बेड की व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया गया है। विश्व स्ट्रोक दिवस के अवसर पर एम्स पटना के न्यूरोलॉजी विभाग की ओर से आयोजित ‘स्पार्क-2026’ कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने स्ट्रोक की शीघ्र पहचान, आधुनिक उपचार और पुनर्वास की आवश्यकता पर बल दिया।कार्यक्रम का उद्घाटन एम्स पटना के कार्यकारी निदेशक प्रो. (ब्रिगेडियर) डॉ. राजू अग्रवाल ने किया। उन्होंने कहा कि स्ट्रोक के उपचार में प्रत्येक मिनट महत्वपूर्ण होता है। समय पर चिकित्सा सहायता मिलने से मस्तिष्क को होने वाली क्षति और स्थायी विकलांगता के खतरे को कम किया जा सकता है।
युवाओं में नशे की आदत से बढ़ रहा खतरा
आईजीआईएमएस के पूर्व निदेशक प्रो. डॉ. एके. सिंह ने स्ट्रोक की रोकथाम के लिए जोखिम कारकों की समय पर पहचान, नियमित स्वास्थ्य जांच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया। वहीं, एम्स पटना के न्यूरोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. आनंद कुमार राय ने युवाओं में धूम्रपान और नशीले पदार्थों के सेवन को स्ट्रोक के जोखिम का महत्वपूर्ण कारण बताते हुए इससे बचने की सलाह दी। उन्होंने एम्स में समर्पित स्ट्रोक सेंटर विकसित करने की आवश्यकता भी रेखांकित की।
आधुनिक तकनीक और पुनर्वास पर चर्चा
कार्यक्रम के वैज्ञानिक सत्रों में स्ट्रोक के आधुनिक उपचार, रेडियोलॉजिकल हस्तक्षेप, पुनर्वास, मानसिक स्वास्थ्य और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग पर चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने कहा कि स्ट्रोक के बाद मरीज की कार्यक्षमता बहाल करने में पुनर्वास की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके लिए विभिन्न चिकित्सा विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। कार्यक्रम में डीन (एकेडमिक्स) प्रो. डॉ. पूनम प्रसाद भदानी, चिकित्सा अधीक्षक प्रो. डॉ. प्रशांत कुमार सिंह, डीन (स्टूडेंट अफेयर्स) प्रो. डॉ. रुचि सिन्हा सहित एम्स पटना और आईजीआईएमएस के चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्ट्रोक की रोकथाम, समय पर पहचान, त्वरित उपचार और बेहतर पुनर्वास के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।


