अवैध बालू खनन पर पुलिस-खनन विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो वाहन जब्त; चालक फरार

Lok Bimb
1 Min Read

अमरपुर (बांका) : अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ अमरपुर थाना पुलिस एवं खनन विभाग की टीम ने बुधवार की देर रात छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान गंगापुर गढ़ैल गांव के समीप बालू लदे एक ट्रैक्टर और एक जुगाड़ वाहन को जब्त किया गया।बताया गया कि खान निरीक्षक प्रीती सिन्हा एवं अमरपुर थानाध्यक्ष राकेश कुमार के नेतृत्व में थाना क्षेत्र के अलग-अलग बालू घाटों और संभावित मार्गों पर निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान गंगापुर गढ़ैल गांव के समीप अवैध तरीके से बालू ले जाए जाने की सूचना मिली। सूचना पर टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।पुलिस और खनन विभाग की टीम को देखते ही दोनों वाहनों के चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। हालांकि टीम ने दोनों बालू लदे वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया।खान निरीक्षक ने बताया कि अवैध खनन एवं बालू के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। जब्त दोनों वाहनों के संबंध में खनन अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है। फरार चालकों की पहचान और तलाश में भी कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment