आग से बचाव और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा, खरना पर एनडीआरएफ-एसडीआरएफ की विशेष तैनाती के निर्देश
गोपाल विद्यार्थी
पटना : राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने दीपावली एवं छठ पूजा के मद्देनजर गुरुवार को बिहार लोक भवन में सुरक्षा और आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को आग से बचाव, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सभी इंतजाम समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।बैठक में बताया गया कि छठ घाटों पर बैरिकेडिंग, सुरक्षा संकेतक, सीसीटीवी, रोशनी, निगरानी मीनार, नदी एंबुलेंस और एनडीआरएफ-एसडीआरएफ की तैनाती की व्यवस्था की जा रही है। प्रमुख घाटों पर यातायात एवं पार्किंग के विशेष इंतजाम भी होंगे।राज्यपाल ने बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने, खरना के दिन एनडीआरएफ-एसडीआरएफ को अलर्ट रहने तथा छठ के दौरान नावों पर पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने मौसम विभाग की चेतावनियों को सरल भाषा में आम लोगों तक पहुंचाने और सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया। स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि ने बताया कि अस्पतालों में पर्याप्त डॉक्टर, एंबुलेंस और आग से झुलसे लोगों के इलाज के लिए विशेष चिकित्सा व्यवस्था रहेगी। बैठक में पुलिस, अग्निशमन सेवा, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।


