इंफेक्शन कंट्रोल नर्सों की संख्या बढ़ेगी, बायोमेडिकल वेस्ट निस्तारण और स्टेरिलाइजेशन व्यवस्था होगी मजबूत
गोपाल विद्यार्थी
पटना : आईजीआईएमएस पटना में अस्पताल में होने वाले संक्रमण की रोकथाम और मरीजों की सुरक्षा को लेकर शुक्रवार को तृतीय अस्पताल संक्रमण नियंत्रण समिति की बैठक हुई। उपनिदेशक डॉ. विभूति प्रसाद सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में संक्रमण नियंत्रण से जुड़े कार्यक्रमों की समीक्षा की गई और व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में तय किया गया कि संस्थान में आने वाले सभी नए चिकित्सकों एवं चिकित्सा कर्मियों को संक्रमण नियंत्रण के संबंध में प्रत्येक तीन माह पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। संक्रमण का अधिक खतरा रहने वाले विभागों में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जाएंगे। वहीं, मरीजों को अस्पताल में होने वाले संक्रमण से सुरक्षित रखने के लिए इंफेक्शन कंट्रोल नर्सों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इसके अलावा बायोमेडिकल वेस्ट के सुरक्षित निस्तारण से संबंधित एसओपी को सख्ती से लागू करने तथा केंद्रीय स्टेरिलाइजेशन सेवा विभाग की स्टेरिलाइजेशन व्यवस्था का पुनर्मूल्यांकन कर उसे और सुदृढ़ बनाने का निर्णय लिया गया। बैठक में डॉ. सौरव ने अपने विस्तृत प्रस्तुतीकरण के माध्यम से चिकित्सकों एवं नर्सिंग अधिकारियों को अस्पताल में संक्रमण के कारणों, बचाव के उपायों और संक्रमण नियंत्रण के निर्धारित मानकों के प्रति जागरूक किया। बैठक का संचालन प्रोफेसर डॉ. नम्रता ने किया। अंत में अध्यक्ष एवं संस्थान के उपनिदेशक डॉ. विभूति प्रसाद सिन्हा ने सभी प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए संक्रमण नियंत्रण कार्यक्रम को गंभीरता और सार्थकता के साथ संचालित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में संक्रमण की रोकथाम के लिए सभी विभागों के चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों एवं संबंधित कर्मियों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। बैठक में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मनीष मंडल, विभिन्न विभागों के फैकल्टी सदस्य, बायोमेडिकल वेस्ट से संबंधित अधिकारी, सभी विभागों एवं वार्डों की प्रभारी नर्सें, अधीक्षक (नर्सिंग सेवाएं) तथा सैनिटेशन सुपरवाइजर आदि उपस्थित रहे।


