डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम साइंस सिटी के नए निदेशक बने संजीव कुमार, पदभार संभालते ही निर्माण कार्यों की समीक्षा

Lok Bimb
2 Min Read

889.98 करोड़ की परियोजना में पांच गैलरियों का होना है निर्माण, दिसंबर तक बेसिक साइंस गैलरी पूरा करने का लक्ष्य

गोपाल विद्यार्थी

पटना : डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम साइंस सिटी के नवनियुक्त निदेशक संजीव कुमार ने गुरुवार को पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने साइंस सिटी परिसर का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता ने बताया कि साइंस सिटी परियोजना की कुल लागत 889.98 करोड़ रुपये है। इसके तहत पांच गैलरियों का निर्माण होना है। इनमें ‘बी ए साइंटिस्ट’ गैलरी का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि ‘बेसिक साइंस’ गैलरी के शेष प्रदर्शों का काम दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है। इसके अलावा ‘सस्टेनेबल प्लैनेट’, ‘स्पेस एंड एस्ट्रोनॉमी’ तथा ‘बॉडी एंड माइंड’ गैलरियों का निर्माण जारी है। निदेशक ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने और परियोजना के समयबद्ध निष्पादन के लिए कार्यान्वयन एजेंसी को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने एजेंसी में समर्पित प्रोजेक्ट मैनेजर की नियुक्ति करने तथा एजेंसी के उच्चस्तरीय प्रबंधन के साथ शीघ्र बैठक कर नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा परिसर में स्थापित 150 किलोवाट क्षमता के सोलर पैनल की नेट मीटरिंग एवं ऑन-ग्रिड प्रक्रिया जल्द पूरी कराने और प्रथम तल पर प्रशासनिक कक्षों को शीघ्र तैयार करने का निर्देश दिया। निदेशक ने सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने पर जोर दिया।

Share This Article
Leave a Comment