बिहार सरकार के सहयोग से हुआ जटिल ऑपरेशन, इलाज के लिए मिले 15 लाख रुपये
गोपाल विद्यार्थी
पटना : आईजीआईएमएस, पटना ने चिकित्सा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। संस्थान में पहली बार लिवर प्रत्यारोपण सफलतापूर्वक किया गया। बिहार सरकार के पूर्ण आर्थिक सहयोग से हुए इस जटिल ऑपरेशन के बाद 19 वर्षीय युवती स्वस्थ हो गई है। गुरुवार को ऑपरेशन के 21वें दिन उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। आईजीआईएमएस के गैस्ट्रो सर्जरी एवं लिवर ट्रांसप्लांटेशन विभागाध्यक्ष तथा चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मनीष मंडल ने बताया कि युवती प्राइमरी बाइलियरी कोलैंगाइटिस और ऑटोइम्यून हेपेटाइटिस से संबंधित बीमारी से पीड़ित थी। जांच के बाद उसे लिवर प्रत्यारोपण के लिए उपयुक्त पाया गया। उसका ऑपरेशन 4 नवंबर की रात आठ बजे शुरू हुआ और 5 नवंबर की सुबह 8:30 बजे सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति लगातार संतोषजनक रही और कोई विशेष जटिलता नहीं आई।
*सरकार ने दिए 15 लाख रुपये*
उपनिदेशक डॉ. बिभूति पी. सिन्हा ने बताया कि बिहार सरकार ने इस जीवनरक्षक सर्जरी के लिए मरीज को 15 लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई। राज्य सरकार संस्थान में लिवर प्रत्यारोपण कार्यक्रम को पूर्ण सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने इस उपलब्धि पर आईजीआईएमएस की पूरी टीम को बधाई दी। वहीं, संस्थान के निदेशक डॉ. बिंदेय कुमार ने इसे बिहार के चिकित्सा क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
*चिकित्सकों और नर्सिंग टीम का योगदान*
ऑपरेशन में डॉ. मनीष मंडल के नेतृत्व में डॉ. संजय कुमार, डॉ. राकेश कुमार, डॉ. साकेत कुमार, डॉ. शाश्वत सरीन, डॉ. सुशांत, डॉ. अनुज गोयल और डॉ. प्रांजल शामिल रहे। एनेस्थीसिया टीम में डॉ. दुबे, डॉ. विनोद वर्मा, डॉ. मेधावी, डॉ. शशांक और डॉ. आकृति ने योगदान दिया। वहीं, नर्सिंग टीम से सुश्री शैजा और सुश्री अनीता ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। नोडल अधिकारी डॉ. प्रीतपाल सिंह ने बताया कि ऑपरेशन के दौरान आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई थी। एमएस-2 डॉ. अमन कुमार और एएमएस-1 डॉ. समरेन्द्र सिंह ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे पूरे संस्थान के लिए गर्व का विषय बताया।आईजीआईएमएस में पहले लिवर प्रत्यारोपण की सफलता से बिहार में गंभीर लिवर रोगों से पीड़ित मरीजों को राज्य में ही उन्नत और जीवनरक्षक उपचार मिलने की नई उम्मीद जगी है।


