आचार्य श्रीरंजन सूरिदेव जीवित शब्दकोश, ‘बटोहिया’ ने बाबू रघुवीर नारायण को बनाया अमर

Lok Bimb
5 Min Read

बिहार हिंदी साहित्य सम्मेलन में जयंती समारोह एवं कवि सम्मेलन, साहित्यकारों ने दोनों विभूतियों को दी काव्यांजलि

गोपाल विद्यार्थी

पटना : आचार्य श्रीरंजन सूरिदेव अपने समय के जीवित शब्दकोश थे। संस्कृत सहित अनेक भारतीय भाषाओं के प्रकांड विद्वान के रूप में उन्होंने साहित्य जगत को समृद्ध किया। वहीं, बाबू रघुवीर नारायण अपनी कालजयी रचना ‘बटोहिया’ के कारण साहित्य और राष्ट्रीय चेतना के इतिहास में अमर हो गए। इन दोनों साहित्यिक विभूतियों का योगदान हिंदी साहित्य की अमूल्य धरोहर है। उक्त बातें बिहार हिंदी साहित्य सम्मेलन के अध्यक्ष डॉ. अनिल सुलभ ने बुधवार को सम्मेलन परिसर में आयोजित जयंती समारोह एवं कवि सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए कहीं। इस अवसर पर साहित्यकारों और कवियों ने दोनों महान विभूतियों को श्रद्धापूर्वक याद किया और अपनी रचनाओं के माध्यम से काव्यांजलि अर्पित की। डॉ. सुलभ ने कहा कि आचार्य श्रीरंजन सूरिदेव ने सात दशकों से अधिक समय तक निरंतर साहित्य साधना की। वे प्राकृत और अपभ्रंश भाषाओं के भी अधिकारी विद्वान थे। उन्होंने संत की तरह साहित्य की साधना की और अनेक साहित्यकारों के लेखन को परिष्कृत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। युवावस्था में वे सम्मेलन की पत्रिका ‘साहित्य’ के वर्ण-शोधक के रूप में जुड़े थे और बाद में सम्मेलन के प्रधानमंत्री का दायित्व भी संभाला। 92 वर्ष की आयु में उनका निधन हुआ, लेकिन जीवन के अंतिम वर्षों तक वे साहित्य सेवा में सक्रिय रहे। उन्होंने घोषणा की कि आचार्य श्रीरंजन सूरिदेव का जन्म शताब्दी वर्ष प्रारंभ हो रहा है और बिहार हिंदी साहित्य सम्मेलन का अगला अधिवेशन उनकी स्मृति को समर्पित रहेगा।

‘बटोहिया’ ने जगाई थी राष्ट्रीय चेतना

वरिष्ठ साहित्यकार जियालाल आर्य ने बाबू रघुवीर नारायण के साहित्यिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उनकी प्रसिद्ध रचना ‘बटोहिया’ महात्मा गांधी और देशरत्न डॉ. राजेंद्र प्रसाद को अत्यंत प्रिय थी। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान इस गीत को पूर्वांचल में राष्ट्रीय चेतना के प्रतीक के रूप में देखा जाता था और कांग्रेस के कार्यक्रमों में इसे वंदना गीत के रूप में प्रस्तुत किया जाता था। उन्होंने बताया कि बाबू रघुवीर नारायण की प्रेरणा से बनैली के राजा कीर्त्यानंद सिंह ने वर्ष 1938 में बिहार हिंदी साहित्य सम्मेलन के भवन निर्माण के लिए एकमुश्त दस हजार रुपये की सहायता दी थी। यह योगदान साहित्यिक संस्थाओं के विकास में उनके प्रभाव और समर्पण को दर्शाता है।

साहित्यकारों के परिष्कारक थे आचार्य सूरिदेव

प्रख्यात साहित्यकार मार्कण्डेय शारदेय ने कहा कि आचार्य श्रीरंजन सूरिदेव केवल बड़े साहित्यकार ही नहीं, बल्कि साहित्यकारों के कुशल परिष्कारक भी थे। उन्होंने स्वयं विपुल साहित्य लेखन किया और अनेक रचनाकारों को प्रोत्साहित करते हुए उनकी पुस्तकों की भूमिकाएं लिखीं। वे साहित्य सेवा के माध्यम से बिहार का गौरव बढ़ाने वाली महान विभूति थे। वरिष्ठ पत्रकार ज्ञानवर्धन मिश्र ने बिहार सरकार से आचार्य श्रीरंजन सूरिदेव के नाम पर राजभाषा पुरस्कार शुरू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इससे साहित्य और भाषा के क्षेत्र में उनके योगदान को स्थायी सम्मान मिलेगा। समारोह में वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. रत्नेश्वर सिंह, डॉ. सुमेधा पाठक, डॉ. समरेंद्र नारायण आर्य, डॉ. मेहता नगेंद्र सिंह, अभिजीत कश्यप, सुमन कुमार मिश्र तथा आचार्य सूरिदेव के पुत्र संगम कुमार रंजन और पुत्रवधू विभा रंजन ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

कवियों ने रचनाओं से अर्पित की श्रद्धांजलि

समारोह के अवसर पर आयोजित कवि सम्मेलन का शुभारंभ चंदा मिश्र ने वाणी वंदना से किया। इसके बाद वरिष्ठ कवि प्रो. सुनील कुमार उपाध्याय, चित्तरंजन भारती, सुनील कुमार मलंग, डॉ. ओम प्रकाश पांडेय, सिद्धेश्वर, विद्या चौधरी, सुनीता रंजन, तनुजा सिन्हा, जय प्रकाश पुजारी और नेहाल कुमार सिंह ‘निर्मल’ सहित अन्य कवियों एवं कवयित्रियों ने अपनी रचनाओं से दोनों साहित्यकारों को काव्यांजलि दी। कार्यक्रम में सम्मेलन के संगठन मंत्री इंजीनियर अशोक कुमार ने अतिथियों का स्वागत, संचालन ब्रह्मानंद पांडेय व धन्यवाद ज्ञापन कृष्ण रंजन सिंह ने किया।

Share This Article
Leave a Comment