पटना में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, पवन मिष्ठान से 21.33 टन मिठाइयां जब्त

Lok Bimb
3 Min Read

23.13 लाख रुपये आंकी गई जब्त मिठाइयों की कीमत, संजय मिठाई घर बंद करने का आदेश; दो प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस

गोपाल विद्यार्थी 

पटना : त्योहारों के मौसम में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य संरक्षा विभाग ने मंगलवार को पटना में कई मिठाई एवं बेकरी प्रतिष्ठानों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान अगमकुआं स्थित पवन मिष्ठान से करीब 21 हजार 339 किलोग्राम पेड़ा, मिल्क केक और लड्डू जब्त किए गए। जब्त मिठाइयों की अनुमानित कीमत 23 लाख 13 हजार 820 रुपये बताई गई है। खाद्य संरक्षा विभाग की टीम ने बड़ी पहाड़ी, अगमकुआं के समीप स्थित पवन मिष्ठान का निरीक्षण किया। जांच में प्रतिष्ठान बिना वैध खाद्य लाइसेंस के संचालित पाया गया। यहां 4700 किलोग्राम पेड़ा, 12 हजार किलोग्राम से अधिक मिल्क केक और 4144 किलोग्राम लड्डू जब्त किए गए। वहीं, मानव उपभोग के अयोग्य 166 किलोग्राम रद्दी मिठाई और 150 किलोग्राम मिल्क घोल समेत कुल 316 किलोग्राम खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई। जांच के दौरान प्रतिष्ठान में साफ-सफाई की कमी, कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र का अभाव और खाद्य सामग्री के अनुचित भंडारण जैसी अनियमितताएं मिलीं। मिठाइयों की पैकेजिंग पर निर्माण तिथि, उपयोग की अंतिम तिथि और बैच संख्या भी अंकित नहीं थी। वहीं, आलमगंज स्थित सागर स्वीट्स एंड बेकरी तथा जकरियापुर के अनित केक बेकरी में निरीक्षण के दौरान स्वच्छता, कीट नियंत्रण और कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र से संबंधित कमियां पाई गईं। दोनों प्रतिष्ठानों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत सुधार नोटिस जारी कर 14 दिनों के भीतर कमियां दूर करने का निर्देश दिया गया।इधर, बहादुरपुर स्थित संजय मिठाई घर में जांच के दौरान मेटालिन येलो के 30 पैकेट और हाइड्रो के तीन पैकेट मिले, जिन्हें मौके पर नष्ट करा दिया गया। प्रतिष्ठान से बेसन लड्डू का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। वैध खाद्य लाइसेंस संबंधी अभिलेख नहीं मिलने पर प्रतिष्ठान को बंद करने का आदेश दिया गया। खाद्य संरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और सुरक्षित भंडारण के नियमों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को वैध लाइसेंस और निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

Share This Article
Leave a Comment