12 नवंबर को आयोजित ब्रह्मभोज व प्रार्थना सभा में शामिल होने का मिला निमंत्रण
गोपाल विद्यार्थी
पटना : केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने गुरुवार को जिले के पाटलिपुत्र स्थित ‘अन्नपूर्णा’ आवास पहुंचकर भाजपा के वरिष्ठ नेता, पार्टी के संस्थापक सदस्य एवं पूर्व राज्यसभा सांसद स्वर्गीय आर.के. सिन्हा को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने दिवंगत नेता के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। मौके पर केंद्रीय मंत्री ने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। उन्होंने स्व. आर.के. सिन्हा के पुत्र एवं भाजपा नेता ऋतुराज सिन्हा से मिलकर उन्हें सांत्वना दी। भूपेंद्र यादव ने कहा कि इस दुख की घड़ी में वे परिवार के साथ हैं। स्व. सिन्हा के निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए उन्होंने दिवंगत आत्मा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।मुलाकात के दौरान ऋतुराज सिन्हा ने केंद्रीय मंत्री को आगामी 12 नवंबर को पाटलिपुत्र स्थित उनके ‘अन्नपूर्णा’ आवास पर आयोजित होने वाले ब्रह्मभोज एवं प्रार्थना सभा में शामिल होने का निमंत्रण दिया। इस दौरान स्व. आर.के. सिन्हा के प्रति सम्मान और उनके योगदान को याद किया गया।


