औरंगाबाद : मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ औरंगाबाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दाउदनगर थाना क्षेत्र के अकबरपुर गांव से 6.5 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपित को भी गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान अकबरपुर निवासी प्रभात सुमन उर्फ टेनी (32) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त को मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, दाउदनगर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम में दाउदनगर थानाध्यक्ष सहित पुलिसकर्मी शामिल थे।
विशेष टीम ने सूचना के आधार पर अकबरपुर गांव स्थित प्रभात सुमन उर्फ टेनी के घर की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान घर से कुल 6.5 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
मामले में दाउदनगर थाना कांड संख्या 577/26, दिनांक 22 अगस्त 2026 के तहत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपित ने अपना अपराध स्वीकार किया है। इसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस के मुताबिक मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा। मामले में अग्रतर विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।
6.5 किलो गांजा के साथ एक तस्कर गिरफ्तार, दाउदनगर के अकबरपुर में पुलिस की कार्रवाई

Leave a Comment Leave a Comment

