सूरत में छत से गिरकर औरंगाबाद के युवक की मौत, परिवार का इकलौता चिराग बुझा 

Lok Bimb
3 Min Read

खाना खाने के बाद छत पर टहलने गया था रोहित, पैर फिसलने से नीचे गिरा; अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम

औरंगाबाद । गुजरात के सूरत में रविवार की अहले सुबह हुए दर्दनाक हादसे में औरंगाबाद के एक युवक की मौत हो गई। खाना खाने के बाद छत पर टहलने गए युवक का अचानक पैर फिसल गया और वह नीचे जा गिरा। गंभीर रूप से घायल युवक को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही औरंगाबाद स्थित परिवार में कोहराम मच गया। मृतक माता-पिता का इकलौता बेटा था।
मृतक की पहचान शहर के वार्ड नंबर-31 के गंगटी गांव निवासी मुरारी ठाकुर के पुत्र रोहित कुमार उर्फ विक्की ठाकुर के रूप में हुई है। रोहित की अभी शादी नहीं हुई थी। वह परिवार की आर्थिक मदद करने और अपनी जिम्मेदारियों को निभाने के लिए सूरत में रहकर एक फैक्ट्री में काम करता था।
बताया गया कि रोहित रविवार की अहले सुबह करीब तीन बजे रात्रि ड्यूटी समाप्त कर सूरत स्थित अपने किराए के क्वार्टर पर पहुंचा। खाना खाने के बाद वह कुछ देर टहलने के लिए छत पर चला गया। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह छत से नीचे गिर पड़ा। सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी हालत बेहद नाजुक हो गई।
गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी स्थिति बिगड़ती गई। कुछ देर बाद उसने दम तोड़ दिया।
रोहित की मौत की खबर औरंगाबाद स्थित परिजनों को मिली तो घर में चीख-पुकार मच गई। जवान बेटे की अचानक मौत से माता-पिता और अन्य परिजन बेसुध हो गए। मृतक के चाचा मंटू ठाकुर ने बताया कि रोहित मिलनसार और व्यवहार कुशल था। परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं। उसकी असमय मौत से पूरा परिवार टूट गया है। गांव में भी शोक की लहर है। परिजन अब शव के गांव पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं।

Share This Article
Leave a Comment