मलेरिया के बढ़ते प्रकोप को लेकर स्वास्थ्य विभाग सक्रिय, 67 ग्रामीणों की हुई जांच

Lok Bimb
2 Min Read

फातेह आलम तालझारी

तालझारी : मलेरिया के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार जांच एवं जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार, 9 अगस्त 2026 को प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रंजन कुमार द्वारा तैयार माइक्रो प्लान के निर्देशानुसार आयुष्मान आरोग्य मंदिर कड़कड़म अंतर्गत इचपाड़ा एवं मालीभिठा गांव में विशेष मलेरिया जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कुल 67 ग्रामीणों का आरडीके (Rapid Diagnostic Kit) से मलेरिया जांच एवं रक्त पट संग्रह किया गया। जांच में धनात्मक पाए गए ग्रामीणों को जांच स्थल पर ही स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा उचित परामर्श दिया गया तथा आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को मलेरिया से बचाव एवं समय पर जांच कराने के संबंध में भी जानकारी दी।
इस दौरान एमपीडब्ल्यू विनय कुमार एवं तकनीकी सुपरवाइजर अभिषेक कुमार सिंह ने ग्रामीणों को आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श देते हुए दवा का वितरण किया। वहीं, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रंजन कुमार के निर्देश पर सभी सहिया दीदियों को मलेरिया जांच किट उपलब्ध कराया गया है, ताकि सुदूरवर्ती क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों को समय पर मलेरिया की जांच की सुविधा मिल सके और बीमारी की पहचान में देरी न हो। मौके पर इचपाड़ा की सहिया मेसी माल्टो, सहिया साथी मेरी माल्टो, सहिया पर्यवेक्षक अवधेश कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों ने कहा कि रविवार अथवा अवकाश का दिन होने के बावजूद ग्रामीणों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए लगातार कार्य किया जा रहा है। विभाग का उद्देश्य सुदूर क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना और मलेरिया जैसी बीमारी पर समय रहते नियंत्रण पाना है।

Share This Article
Leave a Comment