16 वर्षीय मोनू ने अंगदान कर तीन लोगों को दिया नया जीवन

Lok Bimb
4 Min Read

बिहार में पहली बार राज्य सरकार के पूर्ण अनुदान से आईजीआईएमएस में हुआ लिवर ट्रांसप्लांट, स्वास्थ्य मंत्री ने चिकित्सकों को दी बधाई

गोपाल विद्यार्थी 

पटना : सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 16 वर्षीय मोनू कुमार ने दुनिया से विदा होने के बाद भी मानवता की मिसाल पेश की। परिजनों की सहमति से उसके लिवर और दोनों किडनी का दान किया गया, जिससे तीन जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिला। इनमें एक महिला का सफल लिवर ट्रांसप्लांट पटना जिले के आईजीआईएमएस में, जबकि दो मरीजों का किडनी प्रत्यारोपण आईजीआईएमएस और एम्स पटना में किया गया। जानकारी के अनुसार, पटना के हनुमान नगर, पुनाईचक निवासी सुभाष कुमार के पुत्र मोनू कुमार बीते 19 अक्टूबर 2026 को सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया था। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद उसे मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। 21 अक्टूबर को उसे आईजीआईएमएस के क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग में डॉ. संजीव कुमार की यूनिट में स्थानांतरित किया गया। इलाज के दौरान उसकी स्थिति अत्यंत गंभीर बनी रही और उसे वेंटिलेटर पर रखा गया। चिकित्सकों ने मस्तिष्क की गंभीर चोट के कारण उसके बचने की उम्मीद नहीं जताई। संस्थान की ब्रेन डेथ कमेटी ने निर्धारित चिकित्सकीय प्रक्रिया के तहत मोनू को ब्रेन डेड घोषित किया। इसके बाद परिजनों ने स्वेच्छा से उसका लिवर और दोनों किडनी दान करने की सहमति दी। ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर जसपाल सिंह ने अंगदान की आगे की प्रक्रिया शुरू की। मामले की जानकारी मिलने पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने आईजीआईएमएस के निदेशक डॉ. बिन्दे कुमार और संबंधित चिकित्सकों से व्यक्तिगत रूप से पहल की। उन्होंने अंगदान एवं प्रत्यारोपण की प्रक्रिया में आने वाले खर्च और आवश्यक व्यवस्थाओं को तत्काल पूरा करने का निर्देश दिया। सोटो बिहार के अध्यक्ष डॉ. मनीष मंडल ने नोटो, दिल्ली और रोटो, कोलकाता को इसकी सूचना दी। इसके बाद आईजीआईएमएस और एम्स पटना में अंग प्रत्यारोपण के लिए जरूरतमंद मरीजों की पहचान की गई।

05 नवंबर को हुआ सफल लिवर ट्रांसप्लांट

मोनू का लिवर अनिसाबाद, पटना की 19 वर्षीय महिला को प्रत्यारोपित किया गया। आईजीआईएमएस के गैस्ट्रो सर्जरी एवं लिवर ट्रांसप्लांट विभागाध्यक्ष डॉ. मनीष मंडल के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने 5 नवंबर को सफलतापूर्वक लिवर ट्रांसप्लांट किया। वहीं, पहली किडनी का प्रत्यारोपण आईजीआईएमएस पटना में और दूसरी किडनी का प्रत्यारोपण एम्स पटना में किया गया। आईजीआईएमएस के यूरोलॉजी विभाग के चिकित्सकों तथा निश्चेतना विभाग की टीम ने किडनी एवं लिवर प्रत्यारोपण की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

बिहार में पहली बार सरकारी अनुदान से लिवर प्रत्यारोपण

स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि बिहार में पहली बार राज्य सरकार के पूर्ण अनुदान से आईजीआईएमएस में लिवर ट्रांसप्लांट किया गया है। उन्होंने बताया कि सरकार ने हाल ही में लिवर प्रत्यारोपण के लिए प्रति मरीज 15 लाख रुपये की सहायता देने का आदेश जारी किया था। इसी पहल के तहत यह प्रत्यारोपण संभव हो सका। उन्होंने कहा कि मोनू के अंगदान से तीन लोगों को नया जीवन मिला है और इससे राज्य में अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति भी आभार जताया। वहीं, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस उपलब्धि पर स्वास्थ्य मंत्री, आईजीआईएमएस के निदेशक डॉ. बिन्दे कुमार, विभागाध्यक्ष डॉ. मनीष मंडल, निश्चेतना विभागाध्यक्ष डॉ. प्रकाश दूबे सहित पूरी चिकित्सकीय टीम को बधाई दी। संस्थान के उप निदेशक (प्रशासन) एवं प्रवक्ता डॉ. विभूति प्रसन्न सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री के सहयोग से बिहार में सरकारी अनुदान से लिवर प्रत्यारोपण की यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल हुई है।

Share This Article
Leave a Comment