गाजियाबाद में आयोजित सीबीआरएन प्रतियोगिता में तीसरा स्थान, 50 हजार रुपये का नकद पुरस्कार
गोपाल विद्यार्थी
पटना : राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), बिहार की टीम ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य का गौरव बढ़ाया है। गाजियाबाद में 2 से 4 नवंबर तक आयोजित द्वितीय राष्ट्रीय केमिकल, बायोलॉजिकल, रेडियोलॉजिकल एंड न्यूक्लियर प्रतियोगिता में बिहार की टीम ने तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि के लिए टीम को 50 हजार रुपये का नकद पुरस्कार भी प्रदान किया गया। टीम ने कड़े परिश्रम, उच्चस्तरीय प्रशिक्षण और अदम्य साहस का परिचय देते हुए यह सफलता हासिल की। प्रतियोगिता का उद्देश्य रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल एवं परमाणु आपात स्थितियों से निपटने में एसडीआरएफ के जवानों की कार्यक्षमता और तकनीकी दक्षता को बढ़ाना था। इस उपलब्धि पर आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्री रत्नेश सादा और प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल ने एसडीआरएफ की टीम को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह सफलता बिहार एसडीआरएफ की बढ़ती तकनीकी दक्षता और आपदा प्रबंधन के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है।


