पटना । बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार को एक तेज रफ्तार वाहन बस की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, जिसके बाद इलाके में हिंसा भड़क गई। हादसा अगमकुआं थाना क्षेत्र के बड़ी पहाड़ी के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-30) पर हुआ है। मृतक की पहचान 26 वर्षीय मनीष कुमार के रूप में हुई है। घटना से गुस्साए लोगों ने एक यात्री बस समेत 10 वाहनों में आग लगा दी और पुलिस पर पथराव भी किया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहाड़ी मोहल्ला के रहने वाले मनीष उर्फ उपेंद्र शुक्रवार को एनएच-30 पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार यात्री बस ने मनीष को कुचल दिया और बस चालक मौके से फरार हो गया।
मनीष की मौके पर मौत हो गई। इसके बाद इलाके के लोगों ने राजमार्ग जाम कर नारेबाजी शुरू कर दी।
राजमार्ग जाम होने से आवागमन ठप हो गया और लंबा जाम लग गया। इसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची।
गुस्साई भीड़ ने राजमार्ग से गुजर रहे वाहनों में तोडफ़ोड़ की। इस दौरान एक यात्री स्लीपर बस, पुलिस के 2 वाहनों और राहगीरों के वाहन समेत 10 वाहनों में आग लगाई है।
बाद में 5 थानों की पुलिस को मौके पर भेजकर स्थिति को नियंत्रण में लेने की कोशिश की गई। मीडियाकर्मियों से भी मारपीट हुई है। अग्निशमन कर्मियों को भी अपना वाहन छोड़कर भागना पड़ा।
इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए गए हैं।
बताया जा रहा है कि उग्र लोगों ने मामला शांत कराने पहुंची पुलिस पर भी पथराव किया है। पुलिस ने हालात काबू करने के लिए सख्ती बरती है। स्थानीय लोगों की मांग है कि युवक की मौत के लिए मुआवजा दिया जाए और इलाके में एक अंडरपास बनाया जाए ताकि हादसे पर लगाम लगे। हालांकि, पुलिस और प्रशासन की ओर से इसकी पुष्टि नहीं हुई है। इलाके में तनाव फैला हुआ है और पुलिस बल तैनात है।


