बिहार में नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार, 10 महीने में 6,104 गिरफ्तार

Lok Bimb
3 Min Read

4,232 मामले दर्ज, 46 हजार किलो से अधिक गांजा जब्त; नशीले पदार्थों के विनष्टिकरण में 10 गुना वृद्धि

सभी मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में बनेंगे नशामुक्ति वार्ड, शैक्षणिक संस्थानों के 500 मीटर दायरे में होगा ड्रग फ्री जोन

गोपाल विद्यार्थी 

पटना :
बिहार में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सरकार ने कार्रवाई तेज कर दी है। वर्ष 2026 में 27 अक्टूबर तक एनडीपीएस अधिनियम के तहत 4,232 मामले दर्ज किए गए हैं और 6,104 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। पिछले वर्ष पूरे साल 2,583 मामले दर्ज हुए थे और 3,562 गिरफ्तारियां हुई थीं। मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने बुधवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने और तस्करों के नेटवर्क को ध्वस्त करने का निर्देश दिया। मद्य निषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो की कार्रवाई की समीक्षा के दौरान बताया गया कि वर्ष 2026 में अब तक 46,549.95 किलोग्राम गांजा, 149.696 किलोग्राम हेरोइन, ब्राउन शुगर एवं स्मैक, 11.56 लाख नशीली गोलियां व कैप्सूल, 4.92 लाख नशीले इंजेक्शन और कोडीन युक्त कफ सिरप की 5.11 लाख से अधिक बोतलें जब्त की गई हैं। गांजा जब्ती में अररिया, सुपौल और मधुबनी तथा हेरोइन की बरामदगी में पटना और पूर्णिया आगे रहे। बैठक में बताया गया कि वर्ष 2025 की तुलना में 2026 में जब्त मादक पदार्थों का विनष्टिकरण लगभग 10.1 गुना बढ़कर 25,247 किलोग्राम हो गया है। अवैध अफीम की खेती के खिलाफ कार्रवाई में 512.235 एकड़ फसल नष्ट की गई, जिसमें गया जिले में सर्वाधिक 508.755 एकड़ फसल शामिल है। नशे के कारोबारियों को सजा दिलाने में भी तेजी आई है। वर्ष 2021 से अगस्त 2026 तक 1,652 मामलों में 2,225 अभियुक्तों को सजा दिलाई गई है। वहीं, व्यावसायिक मात्रा के 231 मामलों में 417 अभियुक्तों की अवैध संपत्ति की वित्तीय जांच की जा रही है। मानस पोर्टल से मिले 3,718 इनपुट के आधार पर 138 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक में पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा, गृह विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार, एडीजी रत्न संजय और विशेष सचिव क्षत्रनील सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्य सचिव ने जिला स्तर पर नियमित मासिक एनकॉर्ड बैठक आयोजित करने, सभी मेडिकल कॉलेजों एवं अस्पतालों में समर्पित नशामुक्ति वार्ड बनाने और पुलिस बल को विशेष प्रशिक्षण देने का निर्देश दिया। साथ ही शैक्षणिक संस्थानों के 500 मीटर के दायरे को ड्रग फ्री जोन बनाने पर जोर दिया।गौरतलब है कि 27 अक्टूबर से 26 नवंबर 2026 तक ‘नशा मुक्त बिहार अभियान-2026’ चलाया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य नशीले पदार्थों की तस्करी पर सख्ती से रोक लगाने के साथ युवाओं को नशे की लत से बचाना और नशे से प्रभावित लोगों को उपचार एवं पुनर्वास की सुविधा उपलब्ध कराना है।

Share This Article
Leave a Comment