गोपाल विद्यार्थी
पालीगंज : जरखा पंचायत में पैक्स चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन चुनावी माहौल काफी सक्रिय नजर आया. आखिरी दिन गुरुवार को बहादुरगंज निवासी रवि प्रकाश यादव ने सैकड़ों समर्थकों के साथ प्रखंड कार्यालय स्थित कृषि साख समिति पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया. नामांकन के दौरान समर्थकों में खासा उत्साह देखा गया. नामांकन के बाद कार्यकर्ताओं ने रवि प्रकाश यादव का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया. इससे पहले वर्तमान पैक्स अध्यक्ष बबलू पांडे सहित एक अन्य प्रत्याशी भी नामांकन कर चुके थे. इस तरह अब जरखा पंचायत पैक्स चुनाव में कुल तीन उम्मीदवार मैदान में हैं.
बीडीओ सह निर्वाचन पदाधिकारी सुशील कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि नामांकन की प्रक्रिया समाप्त हो चुकी है और नाम वापसी के लिए सोमवार की तारीख निर्धारित की गई है. अब नाम वापसी के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि अंतिम रूप से कितने प्रत्याशी चुनावी मैदान में बने रहते हैं, जिसके बाद चुनावी मुकाबला और भी रोचक होने की संभावना है.


