भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने किया नेतृत्व, लाजपत पार्क से घंटाघर तक निकली पदयात्रा
विपक्ष पर बरसे संजय सरावगी, बोले- प्रधानमंत्री की दिवंगत मां के खिलाफ अपशब्द बिहार की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी
गोपाल विद्यार्थी
पटना : सिल्क सिटी भागलपुर में सोमवार को एनडीए ने अपनी एकजुटता और सांगठनिक ताकत का प्रदर्शन किया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के नेतृत्व में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत भव्य पदयात्रा निकाली गई। इसमें एनडीए के घटक दलों के हजारों कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। पदयात्रा लाजपत पार्क से शुरू होकर सेवा ज्योति चौक, खरमनचक और खलीफाबाग होते हुए घंटाघर चौक पहुंचकर समाप्त हुई। इसमें भाजपा, जदयू, लोजपा (रामविलास), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के नेता, मंत्री, विधायक एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की दिवंगत माता के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल बिहार की जनता कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि एसआईआर के तहत 68 लाख मतदाताओं के नाम कटने का आरोप लगाने वाले विपक्षी नेता अपने दावे के समर्थन में एक भी व्यक्ति को सामने नहीं ला सके। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को जनता नकार चुकी है। विपक्ष की घबराहट उसके बयानों में साफ दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अपशब्दों और संवैधानिक संस्थाओं के अपमान की कोई जगह नहीं है। विपक्ष चुनाव में हारने पर भ्रम फैलाने का प्रयास करता है। लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सभी दलों को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। पदयात्रा में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, मंत्री संतोष सुमन, नीतीश मिश्रा, दिलीप जायसवाल, दीपक प्रकाश, सांसद अजय मंडल और राजेश वर्मा सहित एनडीए के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन, विधायक रोहित पांडेय, एनके यादव, सुभानंद मुकेश, मिथुन यादव, ललित मंडल और भागलपुर की मेयर वसुंधरा लाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।


