बोले- 10 लाख सरकारी नौकरी देने का वादा पूरा करने की दिशा में शिक्षक नियुक्ति पहला कदम था, युवाओं को नौकरी मांगने पर मिली लाठियां
गोपाल विद्यार्थी
पटना : बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने तीन साल पहले 2 नवंबर 2023 को पटना के गांधी मैदान में एक साथ 1 लाख 20 हजार 336 नियुक्ति पत्र वितरित किए जाने को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि यह देश में एक साथ इतनी बड़ी संख्या में सरकारी नियुक्ति पत्र वितरण का पहला आयोजन था।तेजस्वी यादव ने अपने बयान में कहा कि 2020 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने वैज्ञानिक आंकड़ों के आधार पर 10 लाख सरकारी नौकरी देने का वादा किया था। उस समय तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसे असंभव बताया था। 2022 में महागठबंधन सरकार बनने के बाद युवाओं को रोजगार देना उनकी पहली प्राथमिकता रही। उपमुख्यमंत्री रहते हुए शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-1 और TRE-2 की प्रक्रिया शुरू कराई गई और बीपीएससी के माध्यम से तीन लाख से अधिक शिक्षकों की बहाली हुई। उन्होंने कहा कि 2 नवंबर 2023 को गांधी मैदान में नियुक्ति पत्र वितरण उसी रोजगार अभियान का महत्वपूर्ण पड़ाव था। 10 लाख नौकरी देने की योजना के तहत स्वास्थ्य विभाग में पब्लिक हेल्थ कैडर के गठन और 1.30 लाख से अधिक पदों पर बहाली का खाका भी तैयार था, लेकिन नीतीश कुमार ने संबंधित फाइल रोक दी। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि जनवरी 2024 में महागठबंधन सरकार गिरने के बाद युवाओं के रोजगार का मुद्दा पीछे छूट गया। नौकरी मांगने वाले युवाओं पर लाठियां बरसाई गईं और ठंड में उन पर पानी डाला गया। उन्होंने कहा कि 10 लाख सरकारी नौकरी का वादा युवाओं के भविष्य से जुड़ा था और शिक्षक नियुक्ति तो इसकी महज शुरुआत थी।


