बिहार की सफल योजनाओं की कहानियां नीति आयोग से होंगी साझा, एसडीजी संकेतकों की समीक्षा कर अपडेट करने पर जोर
गोपाल विद्यार्थी
पटना : बिहार में वर्ष 2030 तक सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) की प्राप्ति के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया गया है। योजना एवं विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव डॉ. एन. विजयलक्ष्मी ने कहा कि इन लक्ष्यों को हासिल करने में प्रत्येक विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है। जिन क्षेत्रों में सकारात्मक प्रगति हुई है, उनसे संबंधित विभाग सफलता की कहानियां तैयार कर उपलब्ध कराएं, ताकि उन्हें नीति आयोग के साथ साझा किया जा सके। योजना एवं विकास विभाग की ओर से यूनिसेफ के तकनीकी सहयोग से बुधवार को एसडीजी नोडल पदाधिकारियों के लिए एक दिवसीय क्षमता संवर्धन कार्यशाला आयोजित की गई। इसका उद्घाटन अपर मुख्य सचिव डॉ. एन. विजयलक्ष्मी और विभाग के सचिव केवल तनुज ने किया। कार्यशाला में राज्य संकेतक रूपरेखा (एसआईएफ) की समीक्षा एवं अद्यतन पर चर्चा हुई। अपर मुख्य सचिव ने बिहार की अंतर्देशीय मत्स्यपालन के क्षेत्र में बेहतर स्थिति को देखते हुए एसडीजी-14 (जल के नीचे जीवन) से संबंधित उपयुक्त संकेतकों को भी इसमें शामिल करने की संभावना तलाशने का सुझाव दिया।तकनीकी सत्रों में विभिन्न विभागों के संकेतकों की प्रासंगिकता, मापनीयता और आंकड़ों की उपलब्धता की समीक्षा की गई। नए संकेतक जोड़ने, आवश्यक संशोधन करने और अनुपयोगी संकेतकों को हटाने पर भी सुझाव लिए गए। कार्यशाला में विभिन्न विभागों के एसडीजी नोडल पदाधिकारियों ने भाग लिया। अंत में समयबद्ध कार्रवाई और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के संकल्प के साथ कार्यशाला संपन्न हुई।
2030 तक विकास लक्ष्यों को हासिल करने में जुटें सभी विभाग : अपर मुख्य सचिव

Leave a Comment Leave a Comment

