गोपाल विद्यार्थी
पालीगंज : थाना क्षेत्र के अंकुरी गांव में शनिवार की देर रात चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए इलाके में सनसनी फैला दी. गांव स्थित प्राचीन ठाकुरबाड़ी का ताला तोड़कर चोरों ने मंदिर से अष्टधातु की भगवान लक्ष्मण, माता सीता की मूर्तियां और उनका मुकुट चोरी कर लिया
बताया जाता है कि चोरों ने मंदिर के एक-दो नहीं बल्कि कुल नौ ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जिससे उनकी तैयारी और दुस्साहस का अंदाजा लगाया जा सकता है. सुबह जब ग्रामीण पूजा के लिए मंदिर पहुंचे, तब घटना की जानकारी हुई. इसके बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया और लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई.
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी राजीव चंद्र सिंह और थानाध्यक्ष सुमन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन तेज कर दी गई है.
ग्रामीणों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है. लोगों का कहना है कि मंदिर जैसे पवित्र स्थल में चोरी होना बेहद चिंता का विषय है और इससे उनकी धार्मिक आस्था को ठेस पहुंची है. पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा करने का आश्वासन दिया है. ज्ञात हो कि करीब सात वर्ष पूर्व भी मुर्ति की चोरी हुई थी. जिसे कुछ दिन बाद गांव के ही तालाब से बरामद कर लिया गया था.


