उप मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक, विकास कार्यों में तेजी लाने और जनसमस्याओं के त्वरित निष्पादन का निर्देश
गोपाल विद्यार्थी
पटना : पटना जिले में तीन नए नगर निकायों के गठन और चार नगर परिषदों के क्षेत्र विस्तार के प्रस्ताव पर गुरुवार को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक में चर्चा हुई। उप मुख्यमंत्री सह जिले के प्रभारी मंत्री विजय कुमार चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विकास योजनाओं और स्थानीय समस्याओं की भी समीक्षा की गई। बैठक में कुरथौल (फुलवारीशरीफ) एवं उलार (दुल्हिन बाजार) को नगर परिषद तथा दनियावां को नगर पंचायत बनाने के प्रस्ताव पर विचार किया गया। वहीं, नगर परिषद बाढ़, मसौढ़ी, फतुहा और बख्तियारपुर के क्षेत्र विस्तार के प्रस्ताव भी रखे गए। जनप्रतिनिधियों ने इन पर अपने सुझाव दिए। उप मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी कुंदन कुमार एवं उप विकास आयुक्त को सुझावों की नियमानुसार समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने सड़कों की मरम्मत सहित विभिन्न स्थानीय समस्याओं और विकास कार्यों से जुड़े मुद्दे उठाए। इस पर उप मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को विधायकों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित कर समस्याओं का समाधान करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि कार्रवाई अथवा प्रतिवेदन के लिए अगली बैठक का इंतजार नहीं किया जाए। कार्य पूरा होते ही संबंधित जनप्रतिनिधियों को इसकी सूचना और कार्रवाई का प्रतिवेदन उपलब्ध कराया जाए। बैठक में पिछली बैठक के निर्णयों के अनुपालन की भी समीक्षा हुई। बैठक के प्रारंभ में जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने उप मुख्यमंत्री सहित सभी जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया और प्रमुख एजेंडों की जानकारी दी।बैठक में सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव, सांसद डॉ. मीसा भारती, राज्यसभा सांसद डॉ. भीम सिंह, विधायक डॉ. रामानंद यादव, संजीव चौरसिया, श्याम रजक, संदीप सौरव, रत्नेश कुमार, अरुण मांझी, सियाराम सिंह एवं संजय कुमार शामिल हुए। विधान परिषद सदस्य कार्तिक कुमार, शशि यादव एवं डॉ. संजीव कुमार, पटना की महापौर सीता साहू, जिला परिषद अध्यक्ष कुमारी स्तुति सहित समिति के सदस्य, संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
प्रमुख बातें
* कुरथौल, उलार और दनियावां में नए नगर निकायों के गठन का प्रस्ताव।
* बाढ़, मसौढ़ी, फतुहा और बख्तियारपुर के क्षेत्र विस्तार पर चर्चा।
* विकास कार्यों एवं जनसमस्याओं पर तत्काल कार्रवाई का निर्देश।


