राष्ट्रमंडल खेल  में बिहार का दमदार  प्रदर्शन, सोमन राणा ने रचा इतिहास, झंडू ने दिलाया पदक

Lok Bimb
3 Min Read

दीपक कुमार

पटना । स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य सहित कुल 39 पदक जीतकर पदक तालिका में चौथा स्थान हासिल किया। वहीं, राज्यवार पदक योगदान की सूची में एक स्वर्ण और एक कांस्य सहित कुल दो पदकों के साथ बिहार भी देश में चौथे स्थान पर रहा। राज्यवार पदक तालिका में हरियाणा 11 पदकों के साथ पहले, मणिपुर 4 पदकों के साथ दूसरे, तमिलनाडु 3 पदकों के साथ तीसरे और बिहार 2 पदकों के साथ चौथे स्थान पर रहा।
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री रवीन्द्रण शंकरण ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रमंडल खेल जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंच पर बिहार का देश के लिए पदक जीतने में चौथे स्थान पर रहना पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि बिहार सरकार द्वारा खेल और खिलाड़ियों के समग्र विकास के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों का सकारात्मक परिणाम है। बिहार के खिलाड़ियों की यह सफलता राज्य के उभरते खिलाड़ियों के लिए नई प्रेरणा बनेगी और उन्हें बड़े मंचों पर बेहतर प्रदर्शन के लिए उत्साहित करेगी।
श्री शंकरण ने बताया कि गया, बिहार के पैरा खिलाड़ी सोमन राणा ने एफ-57 वर्ग की गोला फेंक स्पर्धा में 13.40 मीटर का शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए स्वर्ण पदक जीता। इसके साथ ही उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों में शॉटपुट स्पर्धा में भारत को पहला स्वर्ण पदक दिलाने का ऐतिहासिक कीर्तिमान भी अपने नाम दर्ज कराया है।
वहीं, नालंदा, बिहार के पैरा पावरलिफ्टर झंडू कुमार ने 190 किलोग्राम भार उठाकर 130.9 अंक अर्जित किए और कांस्य पदक अपने नाम किया। विशेष बात यह रही कि राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारत के लिए पहला पदक जीतने का गौरव भी झंडू कुमार को प्राप्त हुआ है।
 सोमन राणा और झंडू कुमार ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और जज़्बे से न केवल देश का तिरंगा विश्व मंच पर ऊँचा किया है, बल्कि बिहार का नाम भी गौरव के साथ रोशन किया है।

Share This Article
Leave a Comment