अक्षय ऊर्जा में बिहार बनेगा निवेश का बड़ा केंद्र, 2.57 लाख करोड़ की कार्ययोजना तैयार

Lok Bimb
3 Min Read

ऊर्जा मंत्री बुलो मंडल बोले- निवेशकों को हरसंभव सहयोग देगी सरकार, 2030 तक 24 गीगावाट अक्षय ऊर्जा क्षमता विकसित करने का लक्ष्य

सौर ऊर्जा, बैटरी स्टोरेज और विनिर्माण क्षेत्र में बड़े निवेश की तैयारी, तीन महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर

गोपाल विद्यार्थी 

पटना / नई दिल्ली :
बिहार अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में देश का प्रमुख निवेश केंद्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार ने बिजली उत्पादन, संचरण, वितरण और आधारभूत संरचना सहित विभिन्न क्षेत्रों में 2,57,316 करोड़ रुपये के निवेश की कार्ययोजना तैयार की है। बुधवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट एंड एक्सपो-2026 में ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने निवेशकों को बिहार में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि सरकार उन्हें हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराएगी। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि वर्ष 2005 में बिहार की बिजली मांग करीब 700 मेगावाट थी, जो अब बढ़कर लगभग 10 हजार मेगावाट हो गई है। सरकार का लक्ष्य सौर ऊर्जा और अन्य नवीकरणीय स्रोतों को बढ़ावा देकर बिहार को ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी बनाना है। ऊर्जा सचिव सह बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक अजय यादव ने बताया कि वर्ष 2030 तक 24 गीगावाट अक्षय ऊर्जा और 6 गीगावाट आवर ऊर्जा भंडारण क्षमता विकसित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अगले पांच वर्षों में सौर ऊर्जा, बैटरी स्टोरेज और अक्षय ऊर्जा विनिर्माण के क्षेत्र में बड़े निवेश किए जाएंगे। राज्य में करीब 78,400 करोड़ रुपये की परियोजनाएं फिलहाल क्रियान्वयन के विभिन्न चरणों में हैं।

तीन महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर

समिट के दौरान अक्षय ऊर्जा में अनुसंधान, तकनीकी सहयोग और कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए तीन एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। इनमें बिहार स्टेट पावर जेनरेशन कंपनी और मानित भोपाल, पावर सेक्टर स्किल काउंसिल एवं बिहार की ऊर्जा संस्थाओं तथा बिहार स्टेट पावर जेनरेशन कंपनी और TERI के बीच समझौते शामिल हैं।

15 लाख घरों में रूफटॉप सोलर लगाने की योजना

अजय यादव ने बताया कि पीएम-कुसुम योजना के तहत 2,700 मेगावाट सौर ऊर्जा क्षमता विकसित करने तथा सरकारी भवनों के सोलराइजेशन से 500 मेगावाट क्षमता हासिल करने की योजना है। वहीं, पीएम सूर्य घर योजना के तहत करीब 15 लाख परिवारों की छतों पर सोलर पैनल लगाए जाएंगे। इसके अलावा औरंगाबाद में 150 मेगावाट का सोलर पार्क विकसित करने तथा बैटरी और पंप्ड स्टोरेज परियोजनाओं पर भी जोर दिया जाएगा। कार्यक्रम में केंद्र सरकार के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के सचिव संतोष कुमार सारंगी सहित विभिन्न केंद्रीय अधिकारियों, ऊर्जा विशेषज्ञों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। समिट में बिहार की ऊर्जा संभावनाओं, निवेश, रोजगार सृजन और स्वच्छ ऊर्जा के विस्तार पर चर्चा हुई।

Share This Article
Leave a Comment