एम्स पटना में पहली बार बोन कंडक्शन इम्प्लांट सर्जरी सफल, जन्मजात सुनने की समस्या से जूझ रहे बच्चे को मिलेगी राहत

Lok Bimb
3 Min Read

एक ही दिन में तीन जटिल सर्जरी कर चिकित्सकों ने हासिल की बड़ी उपलब्धि, हियरिंग इम्प्लांट का आंकड़ा 400 के पार

गोपाल विद्यार्थी 

पटना : एम्स पटना के ईएनटी विभाग ने चिकित्सा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। विभाग ने पहली बार बोन कंडक्शन इम्प्लांट सर्जरी सफलतापूर्वक की है। यह सर्जरी जन्म से दोनों बाहरी कान नहीं होने (बाइलेटरल एनोटिया) की समस्या से पीड़ित एक छोटे बच्चे की गई। इसके साथ ही एक ही दिन में दो अन्य जटिल कॉक्लियर इम्प्लांट सर्जरी भी सफलतापूर्वक संपन्न की गईं। इनमें एक बच्चा और एक वयस्क शामिल हैं। 30 अक्टूबर को हुई इन तीनों सर्जरी का नेतृत्व डॉ. क्रांति भावना ने किया। इसमें वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉ. राजेश विश्वकर्मा का मार्गदर्शन एवं सहयोग रहा। इस उपलब्धि के साथ एम्स पटना के हियरिंग इम्प्लांट कार्यक्रम ने 400 से अधिक इम्प्लांट सर्जरी का आंकड़ा भी पार कर लिया है।चिकित्सकों के अनुसार, बोन कंडक्शन इम्प्लांट आधुनिक तकनीक है, जिसमें खोपड़ी की हड्डियों के माध्यम से ध्वनि को अंदरूनी कान तक पहुंचाया जाता है। यह तकनीक विशेष रूप से उन मरीजों के लिए उपयोगी है, जिनके बाहरी कान या कान की नली में जन्मजात समस्या होती है। वहीं, कॉक्लियर इम्प्लांट के माध्यम से विद्युत संकेतों द्वारा सुनने की नस तक आवाज पहुंचाई जाती है।बोन कंडक्शन इम्प्लांट की सर्जरी राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत की गई। विशेषज्ञों ने बताया कि बच्चों में सुनने की समस्या की समय पर पहचान और उचित उपचार बेहद जरूरी है। सर्जरी के बाद नियमित जांच, स्पीच थेरेपी और अभिभावकों का सहयोग बच्चों की सुनने एवं बोलने की क्षमता के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। मौके पर ईएनटी विभाग की ओर से ‘हियरिंग सॉल्यूशंस’ विषय पर सीएमई कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें डॉ. क्रांति भावना, डॉ. राजेश विश्वकर्मा और डॉ. लीना विश्वकर्मा ने सुनने की समस्याओं के आधुनिक उपचार और नई तकनीकों पर जानकारी साझा की। इस उपलब्धि में एम्स की ऑडियोलॉजी टीम और एमईडी-ईएल इंडिया का भी सहयोग रहा। इसे एम्स पटना में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार और जन्मजात सुनने की समस्याओं से पीड़ित बच्चों के बेहतर उपचार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Share This Article
Leave a Comment