पटना में जुटेंगे देशभर के 500 से अधिक सर्जन, लाइव सर्जरी, रोबोटिक तकनीक व एआई पर होगा मंथन

Lok Bimb
4 Min Read

23 से 25 अक्टूबर तक ऊर्जा ऑडिटोरियम में होगा बेसिकॉन 2026 का आयोजन, देश के नामचीन सर्जन साझा करेंगे आधुनिक ऑपरेशन की तकनीक

गोपाल विद्यार्थी 

पटना :
राजधानी पटना में 23 से 25 अक्टूबर तक देशभर के जाने-माने सर्जनों का जमावड़ा लगेगा।एसोसिएशन ऑफ सर्जन्स ऑफ इंडिया की बिहार राज्य शाखा का वार्षिक सम्मेलन, बेसिकॉन 2026, ऊर्जा ऑडिटोरियम में आयोजित किया जाएगा। इस तीन दिवसीय सम्मेलन में बिहार सहित देश के विभिन्न राज्यों से 500 से अधिक सर्जन भाग लेंगे। सम्मेलन में आधुनिक शल्य चिकित्सा, कैंसर सर्जरी, मोटापा कम करने वाली सर्जरी, रोबोटिक सर्जरी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग पर विशेष चर्चा होगी। बुधवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता में उक्त बाबत जानकारी देते हुए आयोजन सचिव सह आईजीआईएमएस के चिकित्सा अधीक्षक डॉ मनीष मंडल ने बताया कि सम्मेलन का आयोजन एसोसिएशन ऑफ सर्जन्स ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आईजीआईएमएस पटना के सहयोग से, संस्थान के सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी एवं जनरल सर्जरी विभाग द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है।

पहले दिन लाइव ऑपरेशन से सीखेंगे नई तकनीक
सम्मेलन की शुरुआत 23 अक्टूबर को लाइव ऑपरेटिव वर्कशॉप से होगी। इसमें दूरबीन विधि से पित्त की थैली निकालने, अपेंडिक्स और हर्निया के ऑपरेशन के साथ-साथ बवासीर एवं भगंदर की आधुनिक शल्य चिकित्सा का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा युवा सर्जनों के लिए रोबोटिक सर्जरी और गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल एंडोस्कोपी की अलग-अलग कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इन कार्यशालाओं के माध्यम से युवा चिकित्सकों को आधुनिक तकनीकों और जटिल ऑपरेशन की बारीकियां सीखने का अवसर मिलेगा।

कैंसर, मोटापा और रोबोटिक सर्जरी पर होगा विशेष जोर
सम्मेलन का मुख्य वैज्ञानिक सत्र 24 अक्टूबर से शुरू होगा। इसमें मोटापे के इलाज में बैरिएट्रिक एवं मेटाबॉलिक सर्जरी, पेट एवं पाचन तंत्र के कैंसर की आधुनिक शल्य चिकित्सा, रोबोटिक सर्जरी तथा ऑपरेशन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भूमिका पर विशेषज्ञ अपने अनुभव साझा करेंगे। तीन दिवसीय सम्मेलन में 30 से अधिक वैज्ञानिक व्याख्यान विशेषज्ञों के बीच पैनल डिस्कशन, विशेष व्याख्यान और विभिन्न सर्जिकल विषयों पर वाद-विवाद रात्र आयोजित किए जाएंगे।

महाराष्ट्र, दिल्ली, कोलकाता और लखनऊ से आएंगे नामचीन सर्जन
सम्मेलन में महाराष्ट्र के डॉ. प्रकाश सिंह विरुते, दिल्ली के डॉ. अनिल अग्रवाल एवं डॉ. अरुण प्रसाद वापी के डॉ. राजेश श्रीवास्तव, कोलकाता के डॉ. तमोनाश चौधरी तथा लखनऊ के डॉ. राहुल एवं डॉ. अरशद अहमद सहित देश के कई प्रतिष्ठित सर्जन भाग लेंगे। बिहार के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों के वरिष्ठ सर्जन भी इसमें शामिल होंगे। विशेषज्ञ जटिल ऑपरेशन को अधिक सुरक्षित बनाने मरीजों को कम दर्द और शीघ्र स्वास्थ्य लाभ देने वाली नई तकनीकों तथा सर्जरी के क्षेत्र में हो रहे नवीन अनुसंधानों पर चर्चा करेंगे।

150 से अधिक शोधपत्र, पोस्टर और सर्जिकल वीडियो होंगे प्रस्तुत
सम्मेलन में युवा सर्जनों, मेडिकल कॉलेजों के स्नातकोत्तर छात्रों और विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा 150 से अधिक वैज्ञानिक पोस्टर एवं सर्जिकल वीडियो प्रस्तुत किए जाएंगे। इनके माध्यम से नई शोध उपलब्धियों, जटिल ऑपरेशन के अनुभवों और आधुनिक सर्जिकल तकनीकों को साझा किया जाएगा। यह सम्मेलन युवा सर्जनों को देश के अनुभवी विशेषज्ञों से सीधे संवाद करने और नई तकनीक सीखने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।

आयोजन को सफल बनाने में जुटी टीम
सम्मेलन के आयोजन अध्यक्ष डॉ. आलोक अभिजीत, आयोजन सचिव डॉ. मनीष मंडल और संयुक्त आयोजन सचिव डॉ. संजय कुमार के नेतृत्व में तैयारियां की जा रही हैं। आयोजकों के अनुसार, इस सम्मेलन का उद्देश्य बिहार के सर्जनों को राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों से जोड़ना और राज्य में आधुनिक शल्य चिकित्सा को बढ़ावा देना है | आयोजकों ने उम्मीद जताई कि बेसिकॉन 2026 से बिहार में सर्जिकल शिक्षा, अनुसंधान और अत्याधुनिक तकनीकों के विस्तार को नई दिशा मिलेगी तथा इसका लाभ भविष्य में राज्य के मरीजों को भी मिलेगा।

Share This Article
Leave a Comment