कॉमनवेल्थ कबड्डी में स्वर्ण जीतने वाली बिहार की बेटी रिया का पटना में भव्य अभिनंदन

Lok Bimb
2 Min Read

बेगूसराय की गोल्डन गर्ल ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर बढ़ाया देश का मान, खेल प्राधिकरण के महानिदेशक ने किया सम्मानित

गोपाल विद्यार्थी 

पटना : कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप-2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम की सदस्य एवं बिहार के बेगूसराय जिले की बेटी रिया कुमारी का सोमवार को पटना पहुंचने पर अभिनंदन किया गया। पाटलिपुत्र खेल परिसर में आयोजित 52वीं राष्ट्रीय जूनियर बालक कबड्डी चैंपियनशिप के दौरान बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवींद्रण शंकरण ने उन्हें अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। मौके पर रवींद्रण शंकरण ने कहा कि कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा बनना बिहार के लिए गर्व की बात है। रिया ने अपने शानदार प्रदर्शन से राज्य और देश का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता बिहार की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने रिया को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार बिहार की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मौके पर अमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव जितेंद्र पी. ठाकुर और बिहार राज्य कबड्डी संघ के चेयरमैन कुमार विजय सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment