जैविक खाद उत्पादन को बढ़ावा, बिहार में 51 हजार वर्मी कम्पोस्ट इकाइयां स्थापित करने का लक्ष्य

Lok Bimb
3 Min Read

रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता घटाने के लिए किसानों को मिलेगा अनुदान, गोबर और कृषि अपशिष्ट से तैयार होगी जैविक खाद

गोपाल विद्यार्थी

पटना : मिट्टी की उर्वरा शक्ति बनाए रखने और रासायनिक उर्वरकों पर किसानों की निर्भरता कम करने के उद्देश्य से बिहार सरकार जैविक खाद के उत्पादन को बढ़ावा दे रही है। इसके तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में राज्यभर में 51 हजार पक्की वर्मी कम्पोस्ट पीट इकाइयों की स्थापना का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि बिहार राज्य जैविक मिशन के अंतर्गत किसानों को विभिन्न इकाइयों की स्थापना के लिए अनुदान दिया जा रहा है।

प्रति वर्मी कम्पोस्ट पीट पर पांच हजार रुपये अनुदान

कृषि मंत्री ने बताया कि पक्की वर्मी कम्पोस्ट इकाई की प्रति पीट लागत 10 हजार रुपये निर्धारित है। इस पर 50 प्रतिशत अथवा अधिकतम पांच हजार रुपये अनुदान दिया जाएगा। एक किसान अधिकतम तीन इकाइयों का लाभ ले सकता है।

गोबर गैस इकाई पर 21 हजार रुपये की सहायता

पशुओं के गोबर और जैविक अपशिष्ट के बेहतर उपयोग के लिए गोबर/बायोगैस इकाई की स्थापना को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसकी प्रति इकाई लागत 42 हजार रुपये है, जिस पर 50 प्रतिशत अथवा अधिकतम 21 हजार रुपये अनुदान के साथ टर्न की राशि के रूप में 1500 रुपये अतिरिक्त दिए जाएंगे। वित्तीय वर्ष 2026-27 में ऐसी 300 इकाइयां स्थापित करने का लक्ष्य है।

व्यावसायिक इकाइयों पर 20 लाख तक अनुदान

बड़े पैमाने पर जैविक खाद उत्पादन के लिए 3,000, 2,000 और 1,000 मीट्रिक टन क्षमता वाली व्यावसायिक वर्मी कम्पोस्ट इकाइयों की स्थापना की जाएगी। इन पर लागत के अनुसार 40 प्रतिशत अनुदान मिलेगा। अधिकतम अनुदान क्रमशः 20 लाख, 12.80 लाख और 6.40 लाख रुपये निर्धारित है। चालू वित्तीय वर्ष में 20 व्यावसायिक इकाइयों की स्थापना का लक्ष्य रखा गया है। मंत्री ने बताया कि योजनाओं का लाभ लेने के लिए किसानों का चयन ऑनलाइन डीबीटी पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि खेतों से निकलने वाले जैविक अपशिष्ट और पशुओं के गोबर का उपयोग संसाधन के रूप में करने से खेती की लागत कम होगी तथा मिट्टी की प्राकृतिक उर्वरा शक्ति में सुधार आएगा। सरकार का उद्देश्य जैविक खाद उत्पादन को बढ़ावा देकर टिकाऊ कृषि व्यवस्था को मजबूत करना और किसानों को आर्थिक रूप से सक्षम बनाना है।

Share This Article
Leave a Comment