VB-G RAM G मिशन के तहत गांवों के समग्र विकास एवं ग्रामीण रोजगार के लिए 22 हजार करोड़ रुपये की योजनाएं शामिल करें : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

Lok Bimb
7 Min Read

आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण पर खर्च होंगे 12 लाख रुपये, साज-सज्जा, पठन-पाठन सामग्री एवं फर्नीचर के लिए अतिरिक्त 2 लाख रुपये मिलेंगे

मिशन के तहत अब तक स्वीकृत 1.5 लाख योजनाओं की संख्या बढ़ाकर 3 लाख करने का मुख्यमंत्री ने दिया निर्देश

पटना, 05 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में आज लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) (VB-G RAM G) के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने, ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाने तथा गांवों में आधारभूत संरचनाओं के समग्र विकास को गति देने के संबंध में विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में ग्रामीण विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री एच.आर. श्रीनिवास ने मिशन की विशेषताओं, कार्ययोजना एवं इसके क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार की उपलब्धता बढ़ाने के साथ-साथ गांवों का समग्र एवं संतुलित विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। VB-G RAM G मिशन के तहत ग्रामीण परिवारों को एक वर्ष में 125 दिनों के रोजगार की गारंटी दी गई है। इसके लिए केंद्र एवं राज्य सरकार के बीच 60:40 के अनुपात में वित्त पोषण की व्यवस्था होगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मजदूरी का भुगतान निर्धारित समयसीमा के भीतर, यानी 15 दिनों के अंदर सुनिश्चित किया जाए, ताकि श्रमिकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि VB-G RAM G मिशन के तहत गांवों के समग्र विकास एवं ग्रामीण रोजगार को बढ़ावा देने के लिए 22 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं को शामिल किया जाए। उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण पर 12 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त 2 लाख रुपये आंगनबाड़ी केंद्रों की साज-सज्जा, पठन-पाठन सामग्री, फर्नीचर एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं पर खर्च किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने मिशन के तहत अब तक शामिल की गई 1.5 लाख योजनाओं की संख्या बढ़ाकर 3 लाख करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी गांवों में बुनियादी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर काम करें तथा जिलाधिकारी इन योजनाओं के क्रियान्वयन की निरंतर निगरानी करें।

उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालयों, हेल्थ केयर सेंटरों, ग्रामीण हाट, वृक्षारोपण, जल संरक्षण तथा विद्यार्थियों के लिए खेल मैदान के निर्माण सहित ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक सुविधाओं के विकास का कार्य तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मिशन के अंतर्गत ग्राम पंचायतों को विकसित करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाए। इसके तहत चार प्रमुख श्रेणियों में योजनाओं का क्रियान्वयन किया जाएगा। इनमें जल सुरक्षा, ग्रामीण आधारभूत संरचना, आजीविका संवर्द्धन एवं आपदा प्रबंधन शामिल हैं।

उन्होंने योजनाओं को चरणबद्ध तरीके से पूरा करने तथा कार्यों की निगरानी में तकनीक का अधिकाधिक उपयोग करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने पारदर्शिता सुनिश्चित करने, सामाजिक अंकेक्षण की प्रभावी व्यवस्था लागू करने तथा जनशिकायतों का त्वरित निष्पादन करने पर भी विशेष जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी आधारभूत संरचनाओं के निर्माण एवं विकास को विशेष प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। जिन विद्यालयों में अतिरिक्त कक्षाओं की आवश्यकता है, वहां अतिरिक्त क्लासरूम के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित कर उसे पूरा किया जाए।

उन्होंने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए ग्रामीण हाट के निर्माण हेतु भी लक्ष्य निर्धारित करने का निर्देश दिया, ताकि स्थानीय स्तर पर रोजगार और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके।

जल संरक्षण के महत्व पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में नहरों, जलाशयों एवं अन्य जल संरचनाओं का जीर्णोद्धार आवश्यक है। इनकी मरम्मत एवं पुनर्स्थापन से जुड़े कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएं।

उन्होंने जिलाधिकारियों को इन कार्यों की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया, ताकि योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित हो सके।

मुख्यमंत्री ने पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग को जल संरक्षण एवं वनीकरण के लिए निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि भू-जल स्तर को बनाए रखने तथा भविष्य की जल आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए जल संरक्षण से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। वृक्षारोपण और जल संचयन के कार्यों को आपसी समन्वय के साथ आगे बढ़ाया जाए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि VB-G RAM G मिशन के सभी प्रावधानों एवं योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन, आजीविका संवर्द्धन और आधारभूत संरचनाओं के विकास से जुड़े कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं, ताकि ग्रामीण परिवारों के जीवन स्तर में सुधार हो और विकसित बिहार के संकल्प को मजबूती मिले।

बैठक में उप मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री श्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, भवन निर्माण मंत्री श्रीमती लेशी सिंह, शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री सी.के. अनिल, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री आनंद किशोर, ग्रामीण विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री एच.आर. श्रीनिवास, कृषि विभाग के प्रधान सचिव श्री नर्मदेश्वर लाल, मुख्यमंत्री के सचिव श्री लोकेश कुमार सिंह, ग्रामीण कार्य विभाग के सचिव श्री अभय कुमार सिंह, उच्च शिक्षा विभाग के सचिव श्री राजीव रौशन, जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, पथ निर्माण विभाग की विशेष सचिव श्रीमती शैलजा शर्मा, VB-G RAM G के आयुक्त श्री अंजनी कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article
Leave a Comment