गोपाल विद्यार्थी
बिक्रम : प्रखंड के गोपालपुर स्थित एस आर पब्लिक स्कूल में नवरात्रि व दशहरा पर्व उत्साह और आस्था के साथ मनाया गया। इस दौरान नन्हें मुन्ने बच्चों ने मां के नौ स्वरूपों की झांकी निकाली। नन्हे-मुन्ने छात्रों की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। कार्यक्रम का शुभारम्भ निदेशक विनय कुमार प्राचार्या शिखा शर्मा के द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। मौके पर छात्र छात्राओं ने भक्ति गीत तथा भारत के विभिन्न राज्यों में दशहरा और नवरात्रि को मनाने की परंपरा पर विस्तृत जानकारी दी। वहीं छात्र-छात्राओं के विविध मनोरंजक सांस्कृतिक कार्यक्रम के प्रदर्शन ने सभी से खूब वाहवाही लूटी। विद्यालय के निदेशक विनय कुमार ने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं से बच्चों को जोड़ना हमारी शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। माँ दुर्गा के नौ रूप नारी शक्ति, साहस, ज्ञान, करुणा और बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश देते हैं। ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और संस्कारों का विकास करते हैं। हमें अपनी संस्कृति पर गर्व करना चाहिए और बेटियों को शक्ति एवं सम्मान का प्रतीक मानना चाहिए।कार्यक्रम में बच्चों ने माँ दुर्गा के नौ स्वरूपों—शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कूष्मांडा, स्कंदमाता, कात्यायनी, कालरात्रि, महागौरी और सिद्धिदात्री का रूप धारण कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्राचार्या शिखा शर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ-साथ उनमें सांस्कृतिक मूल्यों, अनुशासन और सामूहिकता की भावना विकसित करते हैं।मौके पर स्कूल के सभी शिक्षक शिक्षिकाएं व कर्मी आदि मौजूद रहे ।
एस आर पब्लिक स्कूल की बच्चियों ने भगवती के नौ रूपों की झांकी प्रस्तुत की

Leave a Comment Leave a Comment

