छठ घाटों की तैयारी तेज, 4 नवंबर तक निरीक्षण रिपोर्ट सौंपने का निर्देश

Lok Bimb
2 Min Read

डीएम कुंदन कुमार ने सुरक्षा, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का आकलन करने का दिया निर्देश

गोपाल विद्यार्थी 

पटना : छठ महापर्व को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पटना जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने घाटों के निरीक्षण के लिए सेक्टर पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति करते हुए साफ-सफाई, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का आकलन करने का निर्देश दिया है। सभी पदाधिकारियों को 4 नवंबर तक निरीक्षण प्रतिवेदन सौंपना होगा।प्रशासन ने घाटों को विभिन्न समूहों में बांटकर सेक्टर पदाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। निरीक्षण के दौरान उपयुक्त, अनुपयुक्त और खतरनाक घाटों को चिह्नित किया जाएगा। नए घाटों की उपयोगिता का आकलन भी किया जाएगा। डीएम ने घाटों पर सीढ़ियों के निर्माण एवं मरम्मत, पेयजल, शौचालय, चेंजिंग रूम, यात्री शेड और पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक स्थलों की पहचान करने का निर्देश दिया है। भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के लिए वॉच टावर, नियंत्रण कक्ष, सीसीटीवी कैमरे तथा पब्लिक एड्रेस सिस्टम की जरूरतों का भी आकलन किया जाएगा। डीएम ने पटना नगर निगम, संबंधित विभागों, एजेंसियों और छठ पूजा समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर तैयारियों की नियमित निगरानी करने को कहा है। निरीक्षण में सामने आने वाली कमियों को प्रतिवेदन में स्पष्ट रूप से दर्ज किया जाएगा, ताकि समय रहते उनका निराकरण हो सके। प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर घाटवार आवश्यकताओं का आकलन कर संबंधित विभागों के माध्यम से व्यवस्थाएं पूरी की जाएंगी।

Share This Article
Leave a Comment