कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की तैयारी, 2030 तक लॉजिस्टिक्स व्यवस्था विकसित करने का निर्देश

Lok Bimb
3 Min Read

विश्वविद्यालयों के निर्माणाधीन भवन मार्च 2027 तक होंगे पूरे, नकदी फसलों की जिलावार कार्ययोजना बनाने पर जोर : मुख्यमंत्री

गोपाल विद्यार्थी 

पटना :
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार के कृषि उत्पादों की बेहतर ब्रांडिंग, बाजार उपलब्धता और उन्हें राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के लिए वर्ष 2030 तक परिवहन एवं लॉजिस्टिक्स के विभिन्न माध्यमों को विकसित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने किसानों की आर्थिक समृद्धि के लिए नकदी फसलों की जिलावार कार्ययोजना तैयार करने पर भी जोर दिया।मुख्यमंत्री मंगलवार को लोकसेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में ‘बिहार गति’ के तहत 100 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली विकास परियोजनाओं और केंद्र प्रायोजित योजनाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा कर रहे थे। इस दौरान उच्च शिक्षा एवं कृषि विकास से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय, पूर्णिया विश्वविद्यालय और पटना विश्वविद्यालय के निर्माणाधीन भवनों सहित अन्य आधारभूत संरचनाओं का निर्माण मार्च 2027 तक पूरा करने का निर्देश दिया। पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के प्रशासनिक एवं शैक्षणिक भवन, इंडोर स्टेडियम और संपर्क पथ के निर्माण कार्यों की भी जानकारी ली। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय के समग्र विकास के लिए सभी हितधारकों से संवाद कर मास्टर प्लान तैयार करने तथा छात्रावासों में केवल विद्यार्थियों के रहने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही बीएड कॉलेजों में जल्द डिग्री कॉलेज शुरू करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया। कृषि योजनाओं की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि योजनाओं का मुख्य उद्देश्य किसानों की आर्थिक समृद्धि होना चाहिए। इसके लिए कृषि क्षेत्र की प्राथमिकताएं तय कर नकदी फसलों को बढ़ावा देने की जिलावार रणनीति बनाई जाए। उन्होंने कृषि उत्पादों की ब्रांडिंग, बाजार उपलब्धता और बेहतर परिवहन व्यवस्था विकसित करने पर विशेष बल दिया, ताकि बिहार के उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाया जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि उच्च शिक्षा के आधारभूत ढांचे को मजबूत करना और कृषि क्षेत्र का विकास राज्य की प्रगति के महत्वपूर्ण आधार हैं। सभी विभाग समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में योजनाओं को पूरा करें, ताकि विद्यार्थियों और किसानों को उनका सीधा लाभ मिल सके।बैठक में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह सहित शिक्षा, कृषि, वित्त एवं मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव और अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article
Leave a Comment