पटना समेत पांच जिलों में दवा दुकानों पर छापेमारी, 29 औषधियों के नमूने जांच के लिए लिए गए

Lok Bimb
3 Min Read

गोविंद मित्रा रोड के सात प्रतिष्ठानों में मिलीं अनियमितताएं, केसर वैक्सीन डिस्ट्रीब्यूटर का गोदाम सील; एक्सपायरी दवाएं जब्त

गोपाल विद्यार्थी 

पटना :
राज्य में अवैध दवा कारोबार पर रोक लगाने और गुणवत्तापूर्ण औषधियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग के औषधि नियंत्रण विभाग ने पटना समेत पांच जिलों में सघन छापेमारी अभियान चलाया। 25 एवं 26 नवंबर को पटना, भागलपुर, मधुबनी, गयाजी और समस्तीपुर के विभिन्न दवा प्रतिष्ठानों की जांच में कई अनियमितताएं सामने आईं। इस दौरान एक्सपायरी, गलत लेबल वाली एवं गैर-अनुमोदित औषधियां मिलने पर कई दवाओं की बिक्री और वितरण पर रोक लगाई गई।

गोविंद मित्रा रोड के सात प्रतिष्ठानों में कार्रवाई

पटना के गोविंद मित्रा रोड स्थित सात दवा प्रतिष्ठानों की जांच में खरीद-बिक्री के अभिलेख और भंडारण से संबंधित गड़बड़ियां मिलीं। केसर वैक्सीन डिस्ट्रीब्यूटर से एक्सपायरी दवाओं की 11 स्ट्रिप जब्त की गईं। खरीद अभिलेख नहीं मिलने पर 12 औषधियों की बिक्री पर रोक लगाई गई। बिना अनुज्ञप्ति प्रस्तुत किए जाने पर प्रतिष्ठान का एक गोदाम सील कर दिया गया। मां भवानी ड्रग हाउस से 19,642.25 रुपये मूल्य की 315 स्ट्रिप एक्सपायरी एवं गलत लेबल वाली दवाएं तथा आशीर्वाद इंटरप्राइजेज से 13,620 रुपये मूल्य के 120 एक्सपायरी इंजेक्शन जब्त किए गए। एसजी इंटरप्राइजेज में चिकित्सकों को निःशुल्क दिए जाने वाले दवा नमूने और गलत लेबल वाली औषधियां मिलीं। बरनवाल इंटरप्राइजेज, सुखी इंटरप्राइजेज और आरआरबी ड्रग एजेंसी में भी खरीद-बिक्री के अभिलेख एवं भंडारण संबंधी अनियमितताएं पाई गईं। संबंधित दवाओं के निपटान और बिक्री पर रोक लगाई गई।

चार अन्य जिलों में भी मिलीं गड़बड़ियां

भागलपुर के दीपक मेडिकल हॉल में अधिकृत योग्य व्यक्ति अनुपस्थित मिला, जबकि नाथनगर का शंकर मेडिकल हॉल बिना अनुज्ञप्ति संचालित पाया गया। मधुबनी के भूषण मेडिकल हॉल से बिना वैध अनुज्ञप्ति कारोबार करने के आरोप में 1,04,704.46 रुपये मूल्य की 40 प्रकार की औषधियां जब्त की गईं।समस्तीपुर के बाबा इंटरप्राइजेज और गयाजी के गौरव फार्मा में भी अनियमितताएं मिलीं। गयाजी में पहले समर्पित की जा चुकी अनुज्ञप्ति के आधार पर दवा कारोबार संचालित पाया गया। यहां खरीद बिल, बिक्री अभिलेख और एक्सपायरी दवाओं के रखरखाव में भी कमियां मिलीं।

29 दवाओं के नमूने जांच के लिए लिए गए

विभाग के अनुसार, पांचों जिलों से कुल 29 औषधियों के नमूने गुणवत्ता परीक्षण के लिए लिए गए हैं। इनमें पटना के सात प्रतिष्ठानों से 16 नमूने शामिल हैं। पटना में चार प्रतिष्ठानों से कुल 1,41,056.71 रुपये मूल्य की दवाएं जब्त की गईं। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि अनियमितता बरतने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

प्रमुख बातें
* पटना के सात प्रतिष्ठानों में जांच, एक गोदाम सील।
* पांच जिलों से 29 औषधियों के नमूने लिए गए।
* पटना में 1.41 लाख रुपये से अधिक मूल्य की दवाएं जब्त।

Share This Article
Leave a Comment