मुख्यमंत्री ने ‘टेककनेक्ट’ पोर्टल का किया शुभारंभ, BIRSAC और सर्वे ऑफ इंडिया के बीच हुआ समझौता
बाढ़ प्रबंधन, कृषि और जल संसाधनों के बेहतर उपयोग में आधुनिक तकनीक अपनाने पर जोर
गोपाल विद्यार्थी
पटना : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि अंतरिक्ष आधारित तकनीक और वैज्ञानिक नवाचार बिहार के विकास को नई गति देंगे। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम साइंस सिटी, पटना में आयोजित दो दिवसीय ‘स्पेस एप्लीकेशन एडॉप्शन वर्कशॉप-2026’ में उन्होंने वैज्ञानिकों, तकनीकी विशेषज्ञों और संबंधित विभागों के अधिकारियों से राज्य की जरूरतों के अनुरूप तकनीकी समाधान विकसित कर उन्हें धरातल पर उतारने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तकनीक का लाभ आम जनता, किसानों और प्रशासनिक व्यवस्था तक पहुंचना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘टेककनेक्ट’ पोर्टल का शुभारंभ किया। साथ ही, बिहार रिमोट सेंसिंग एप्लीकेशन सेंटर (BIRSAC) और सर्वे ऑफ इंडिया (SOI) के बीच तकनीकी सहयोग को बढ़ावा देने के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए।मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरिक्ष तकनीक, रिमोट सेंसिंग और वैज्ञानिक आंकड़ों का उपयोग बाढ़ की निगरानी, जल प्रबंधन, कृषि नियोजन और विकास योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने में किया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विभिन्न विभाग नई तकनीकों को अपनाएं और उनके व्यावहारिक उपयोग की संभावनाओं पर काम करें।उन्होंने बिहार में बाढ़ की समस्या का उल्लेख करते हुए कहा कि नेपाल सहित अन्य क्षेत्रों से आने वाले जल प्रवाह के कारण राज्य की नदियों के जलस्तर पर प्रभाव पड़ता है। ऐसी परिस्थितियों में वैज्ञानिक पूर्वानुमान, जलस्तर की निरंतर निगरानी और समन्वित जल प्रबंधन बेहद महत्वपूर्ण हैं। मुख्यमंत्री ने गंगा के जल का वर्षभर पेयजल और सिंचाई जैसे उद्देश्यों के लिए बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप बिहार को समृद्ध और विकसित बनाने में विज्ञान, तकनीक और नवाचार की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। बिहार की गौरवशाली वैज्ञानिक एवं शैक्षणिक परंपरा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकी क्षमता के माध्यम से राज्य विकास के नए आयाम स्थापित कर सकता है। उन्होंने नियोजित शहरी विकास में भी वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता बताई। कार्यशाला में अंतरिक्ष आधारित तकनीकी समाधानों के उपयोग, विभागों के बीच समन्वय और विकास संबंधी चुनौतियों के समाधान पर चर्चा हुई। कार्यक्रम को उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री शीला कुमारी तथा अन्य अधिकारियों ने भी संबोधित किया। मौके पर विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, वैज्ञानिक, तकनीकी विशेषज्ञ और कार्यशाला के प्रतिभागी उपस्थित थे।
अंतरिक्ष तकनीक से बदलेगी बिहार के विकास की तस्वीर : सम्राट चौधरी

Leave a Comment Leave a Comment

